
नई दिल्ली । डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन (DMK chief MK Stalin) ने कहा कि डीएमके निष्पक्ष परिसीमन का समर्थन करेगी (DMK will support Fair Delimitation) ।
एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि जिन दो मांगों को लेकर हमने पिछले अप्रैल में परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है। यह 2024 से डीएमके द्वारा किए जा रहे निरंतर संघर्षों की जीत है। यह तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि हमें बिना भावुक हुए, शांति से इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर हम इस परिसीमन विधेयक को हाथ से जाने देते हैं, तो क्या होगा? इस विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। इन सभी मुद्दों की गहराई से समीक्षा करने के बाद डीएमके ने अपने सांसदों की बैठक में यह निर्णय लिया है कि वह परिसीमन के इस स्वरूप का समर्थन करेगी, जो व्यावहारिक रूप से संभव है और हमारे लिए फायदेमंद है।
दूसरी ओर, डीएमके के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सदस्य ए. राजा ने कहा कि पार्टी ने व्यापक विचार-विमर्श और प्रस्तावित संशोधनों की विस्तृत जांच के बाद यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि डीएमके सभी राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रावधान का समर्थन करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संशोधित प्रस्ताव से लोकसभा में तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
खबरों के अनुसार, केंद्र सरकार आगामी संसदीय सत्र में 132वां संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक पेश करने की योजना बना रही है। इससे पहले, 16 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा लोकसभा में परिसीमन से जुड़ा एक विधेयक पेश किया गया था, जिसे आवश्यक बहुमत नहीं मिल सका था। अब केंद्र सरकार पुराने विधेयक को वापस लेने और संशोधित प्रस्ताव पेश करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित ढांचे के तहत, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 की जाएगी, जिसमें राज्यों से 815 प्रतिनिधि और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved