img-fluid

उड़ान के दौरान खुल गया भारतीय एयर एंबुलेंस का दरवाजा, बांग्लादेश में इमरजेंसी लैंडिंग; मरीज की मौत

October 20, 2026

ढाका/नई दिल्ली। अगरतला से कोलकाता (Kolkata ) जा रही भारत की एक एयर एंबुलेंस (Air ambulance) को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद बांग्लादेश (Bangladesh) में आपात स्थिति में उतारना पड़ा। करीब 12,000 फुट की ऊंचाई पर विमान का दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया था। विमान को रविवार दोपहर ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। हालांकि, विमान में सवार 56 वर्षीय भारतीय महिला मरीज की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों में यह जानकारी दी गई है।

बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, वीटी-एचवाईए पंजीकरण वाला बीचक्राफ्ट किंग एयर सी90ए विमान रविवार को अगरतला से कोलकाता जा रहा था। उड़ान के दौरान करीब 12,000 फुट की ऊंचाई पर तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई, जिसके कारण विमान का दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया। इसके बाद विमान को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आपात स्थिति में उतारने का निर्णय लिया गया।



  • विमान में सात लोग थे सवार

    रिपोर्ट के मुताबिक, विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। विमान में दो पायलट, एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो अन्य लोग सवार थे। इस तरह विमान में कुल सात लोग मौजूद थे।

    समाचारपत्र ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, मरीज की पहचान 56 वर्षीय अंजना भौमिक के रूप में हुई है। उन्हें ढाका के कुर्मिटोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

    महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं

    विमान में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अंजना भौमिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह भी पुष्टि नहीं हुई है कि उनकी मौत विमान में आई तकनीकी खराबी से संबंधित थी या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय जटिलता थी।

    समाचारपत्र ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता मोहम्मद रियाजउद्दीन ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान में यांत्रिक खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसका दरवाजा खुल गया।

    शाम 4:40 बजे अस्पताल में घोषित किया गया मृत

    हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि अंजना भौमिक की रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में मौत हो गई।

    बीएसएस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए आवश्यक मंजूरी नहीं होने के बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर एयर एंबुलेंस की मदद की। इस दौरान ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने आवश्यक राजनयिक औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय किया।

    मंजूरी से जुड़े मुद्दों के बीच ढाका में रुका विमान

    ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित यह विमान मंजूरी से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के प्रयासों के बीच ढाका हवाई अड्डे पर रुका हुआ है।

    फिलहाल विमान में तकनीकी खराबी आने और महिला मरीज की मौत के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के संबंध में उपलब्ध जानकारी के आधार पर महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होना बाकी है।

    Share:

  • ईरान का बड़ा दावा: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मिसाइल से मार गिराया

    Tue Oct 20 , 2026
    नई दिल्ली. ईरान (Iran) की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मंगलवार को दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम (Air defense system) ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ( US MQ-9 Reaper) ड्रोन को मिसाइल से मार गिराया. यह ड्रोन खाड़ी में गिर गया. IRGC के […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved