
हापुड़: उत्तर प्रदेश की पुलिस अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती है, लेकिन हापुड़ से जो मामला सामने आया है, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने के साथ-साथ लोगों को हैरत में डाल दिया है. यहां की एक पुलिस चौकी में एक शराबी ने ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा किया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि आखिर कोई शराबी किसी चौकी इंचार्ज की केबिन में कैसे घुस सकता है और इतने देर तक तमाशा कैसे कर सकता है. पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं.
जानकारी के अनुसार, हापुड़ की एक पुलिस चौकी में अचानक एक शराबी घुस आया. सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह थी कि इस शख्स के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था. वह पूरी तरह निर्वस्त्र था और बेखौफ होकर सीधा चौकी इंचार्ज के कमरे में दाखिल हो गया. कमरे में जाते ही उसने अंदर से कुंडी लगा ली. इसके बाद उसने मेज पर रखी दारोगा की टोपी उठाई, उसे अपने सिर पर लगाया और साहब की कुर्सी पर शान से विराजमान हो गया.
कुर्सी पर बैठकर यह शराबी पुलिसिया रौब में वहां रखी फाइलों को ऐसे पलटने लगा, मानो वह सच में कोई बड़ा अधिकारी हो. घंटों तक वह शराबी इसी तरह दारोगा जी बनकर बैठा रहा. इस बीच, बाहर खड़े लोगों ने खिड़की से यह नजारा देखा तो वे हैरान रह गए. लोगों ने शोर मचाना और अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया. खिड़की के बाहर से वीडियो बनता देख इस ‘फर्जी दारोगा’ को गुस्सा आ गया. उसने मेज पर रखा कांच का भारी पेपरवेट उठाया और पूरी ताकत से खिड़की के शीशे और कैमरे की तरफ दे मारा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved