दुबई। दुबई की शहजादी शेखा महरा मोहम्मद राशिद अल मकतूम (Sheikha Mahara Mohammed Rashid Al Maktoum) फिर से सुर्खियों में हैं। उन्होंने पहले इंस्टाग्राम पर अपने पति को तलाक देने की घोषणा कर सबको चौंका दिया था, और अब मशहूर रैपर फ्रेंच मॉन्टाना (rapper french montana) के साथ सगाई की खबर ने तहलका मचा दिया है। 31 वर्षीय शहजादी और 40 वर्षीय रैपर ने जून 2025 में पेरिस फैशन वीक के दौरान सगाई की। मॉन्टाना के एक प्रतिनिधि ने TMZ को बताया कि इस जोड़े ने जून में पेरिस फैशन वीक के दौरान अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दिया। यह जोड़ा पिछले साल से एक-दूसरे के साथ समय बिता रहा है, और अब उनकी प्रेम कहानी दुनिया के सामने आ चुकी है।
फ्रेंच मॉन्टाना से 2024 में हुई मुलाकात
शहजादी महरा और फ्रेंच मॉन्टाना की मुलाकात 2024 के अंत में हुई थी। इसके बाद महरा ने मॉन्टाना को दुबई की सैर कराई और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं। दोनों को दुबई और मोरक्को में एक साथ देखा गया। दोनों कभी शानदार रेस्तरां में भोजन करते, कभी मस्जिदों में जाते, तो कभी पेरिस के प्रसिद्ध पॉन्ट डेस आर्ट्स पुल पर टहलते हुए। इस साल की शुरुआत में पेरिस के फैशन इवेंट्स में दोनों ने हाथों में हाथ डाले अपनी मोहब्बत का खुलासा किया था।
इंस्टाग्राम पर पति को दिया था तलाक
शहजादी महरा की जिंदगी में यह नया अध्याय तब शुरू हुआ, जब उन्होंने अपने पहले पति शेख माना बिन मोहम्मद बिन राशिद बिन माना अल मकतूम से तलाक लिया। मई 2023 में उनकी शादी हुई थी, और उनकी एक बेटी भी है। लेकिन यह शादी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। पिछले साल महरा ने इंस्टाग्राम पर एक हैरान करने वाला पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने पति पर अन्य महिलाओं के साथ समय बिताने का आरोप लगाया।
उन्होंने लिखा कि मेरे शौहर, चूंकि तुम दूसरी महिलाओं में व्यस्त हो, मैं तुम्हें तलाक देती हूं, तलाक देती हूं, तलाक देती हूं। ख्याल रखना। तुम्हारी पूर्व पत्नी। इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया था। तलाक के बाद महरा ने अपने ब्रांड महरा एम1 के तहत एक परफ्यूम लॉन्च किया, जिसका नाम ‘डिवोर्स’ रखा गया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved