
- बेसमेंट में बनाई गई दो दुकानें ढहाईं
- छत पर भी किया गया अवैध निर्माण तोड़ा
इंदौर। आज सुबह सुबह निगम (corporation) की टीम ने सांईकृपा कॉलोनी (Saikrupa Colony) में बनी एक इमारत (building) में अवैध निर्माण तोडऩे की कार्रवाई की। इस दौरान बेसमेंट (basement) में बनी दो दुकानें ढहाने के साथ-साथ छत पर किया गया अवैध निर्माण भी ढहा दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक 705, सांईकृपा कॉलोनी में रहने वाले मनोहर मालवीय के मकान के कई हिस्सों में अवैध रूप से निर्माण कर लिया गया था। साथ ही बेसमेंट में अवैध रूप से दो दुकानों का निर्माण किया गया था। इस मामले को लेकर निगम ने संबंधितों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने को कहा था, लेकिन उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आज सुबह-सुबह निगम का रिमूवल अमला पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पहुंचा और अवैध निर्माण ढहाने शुरू कर दिए। निगम के सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे के मुताबिक वहां छत के हिस्सों में भी अवैध रूप से निर्माण कर लिया गया था, जिसे कर्मचारियों की मदद से ढहाया गया। साथ ही बेसमेंट में बनाई गई दो दुकानें जेसीबी की मदद से तोड़ दी गईं।