
- 6 महीने में मालवा निमाड़ के 8.71 लाख उपभोक्ता लाभाविंत
उज्जैन। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने तीन माह से अधिक के बकाया बिलों के लिए 31 मार्च तक लागू समाधान योजना का लाभ लेकर 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफ कराने की अपील की है।
इसके अंतर्गत पुराने बकाया बिलों के एक मुश्त भुगतान पर सरचार्ज राशि पर 70 से 90 प्रतिशत तक एवं किश्तों में बिल भुगतान का विकल्प चुनकर पहली किश्त तुरंत जमा कराने पर 50 से 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। कंपनी क्षेत्र के सभी जिलों में अब तक 8.71 लाख उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेकर छूट प्राप्त की है। इन उपभोक्ताओं को करीब 37.16 करोड़ रूपए की छूट मिली है। वहीं बिजली कंपनी को 261 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। समाधान योजना में सबसे ज्यादा इंदौर जिले के करीब 96 हजार उपभोक्ता लाभान्वित हुए है। दूसरे स्थान पर 90 हजार उपभोक्ताओं के साथ खरगोन जिला, तीसरे स्थान पर 89700 उपभोक्ताओं के साथ उज्जैन जिला, चौथे स्थान पर 76900 उपभोक्ताओं को लाभान्वित कराने वाला जिला रतलाम रहा। अन्य जिलों में भी 26 हजार से 66 हजार उपभोक्ताओं के समाधान योजना में सरचार्ज माफ किए गए।