
डेस्क। बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम जहां टॉप-8 में अपनी जगह को पक्का कर चुकी है तो वहीं अब सभी की नजरें भारतीय महिला टीम को लेकर लगी हुई हैं। विश्व कप में भारतीय महिला टीम पूल-डी का हिस्सा है जिसमें उसने अपना पहला मुकाबला चीन की टीम के खिलाफ खेला और उसको 2-2 की बराबरी पर खत्म करने में कामयाब रही, जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने साउथ अफ्रीका को 6-1 के बड़े अंतर से मात दी। अभी भारतीय महिला टीम पूल-डी में 4 अंकों के साथ चीन के बाद दूसरे नंबर पर है जिसमें चीन 9 अंकों के साथ पहली पोजीशन पर काबिज है। ऐसे में अब भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला पूल-डी का उनका आखिरी मुकाबला काफी अहम रहने वाला है, जिसमें जीत उनकी टॉप-8 में जगह पक्की कर देगी, इसके अलावा ड्रॉ होने की स्थिति में भी भारतीय अगले राउंड में पहुंच जाएगी, वहीं हार से उनका सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट जाएगा।
हॉकी वर्ल्ड कप के इतिहास में भारतीय महिला टीम का सबसे शानदार प्रदर्शन साल 1974 में देखने को मिला था, जिसमें वह सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहे थे। इसके बाद से अब तक टीम इंडिया ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सकी है। इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ भारतीय महिलाओं का हॉकी में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें अब तक दोनों टीमों के बीच में 11 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से पांच मैचों को इंग्लैंड महिला टीम जीतने में कामयाब रही है तो वहीं भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों को अपने नाम किया है। वहीं इसके अलावा तीन मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को पिछली बार साल 2025 में हुई प्रो लीग के मुकाबले में मात दी थी।
भारत और इंग्लैंड महिला टीम के बीच में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल-डी के मुकाबले को लेकर बात की जाए तो इसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 6:30 से होगी, जिसमें मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं इस मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार की ऐप पर की जाएगी, जहां पर फैंस आसानी से लॉगिन कर मुकाबले का आनंद ले सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved