
उज्जैन। प्रदेश स्तरीय वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार में उज्जैन नगर निगम को पहला स्थान प्राप्त होने पर पर्यावरण संरक्षण समिति के पदाधिकारियों ने निगमायुक्त से मुलाकात की और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की। उल्लेखनीय है कि उज्जैन नगर निगम को मध्य प्रदेश वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार अन्तर्गत राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसे लेकर पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा अध्यक्ष डॉ. विमल गर्ग एवं संरक्षक प्रकाश चित्तौड़ा के नेतृत्व में नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता का अभिनन्दन किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों जिसमें प्रमुख रुप से जल संवर्धन के लिए रैन वाटर हार्वेस्टिंग, घरों से निकलने वाले गीले कचरे से खाद बनाना, पौधारोपण, शहर में स्थित जल स्त्रोतों की सफाई एवं संरक्षण, ऊर्जा की बचत के लिए सोलर पैनल लगाने, पॉलीथिन की जगह कपड़े की थैलियों के उपयोग के लिए नागरिकों को प्रेरित करने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा कर समिति द्वारा उचित सहयोग का आश्वासन दिया गया। इस दौरान सदस्य अरविंद भटनागर, एस.एस.नारंग, एस. एस. तोमर, जी. पी. मिश्रा, श्रीमती मिथलेश गर्ग, सुरेखा तंवर आदि मौजूद थे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved