
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता एवं पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल ने कहा है कि कोरोना काल में एक ओर जनता कई परेशानियों से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार की गलत नीतियों की वजह से जनता परेशान है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल के बाद रसोई गैस और फास्टटैग के दाम बढ़ा दिए हैं। सब्सिडी खत्म कर दी है। लोगों को आठ महीने से गैस सब्सिडी नहीं दी है। अब मप्र सरकार बिजली के दाम बढ़ाने जा रही है। साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाकर जनता के परेशानी बढ़ा रही है। भाजपा सरकारों की गलत नीतियों की वजह से देश का हर वर्ग परेशान है। पूर्व महापौर ने कहा कि कोरोना काल में लॉक डाउन की वजह से कई परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट आ गया था। इस बीच सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई बढ़ी। खाद्य वस्तुएं खासकर सब्जियों के दाम आसमान पर है। आम आदमी महंगाई से जूझ रहा है। इस बीच राज्य सरकार बिजली के दाम बढ़ाने जा रही है। सरकार ऐसे समय में जनता पर टैक्स लाद रही है, जब लोग आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। हाईवे टोल नाकों पर फास्टटैग अनिवार्य कर दिया है। साथ ही टोल टैक्स भी बढ दिया है। यह भाजपा सरकार की मनमानी है और हर तरफ से जनता के जेब काटने में लगी है। पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved