मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) को धमकी भरा संदेश भेजे जाने और पांच करोड़ की रंगदारी मांगे जाने से जुड़े मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस को बड़ी लीड मिलती नजर आ रही है। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने जमशेदपुर में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने पाया था कि धमकी भरा मैसेज झारखंड के एक नंबर से भेजा गया था। इसी के बाद पुलिस की जांच झारखंड तक पहुंची थी।
जमशेदपुर से दबोचा गया शख्स
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि वर्ली पुलिस की एक टीम जमशेदपुर से हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। आरोपी को जांच के लिए मुंबई ले आया जाएगा। इस बीच एक टीम गुवाहाटी रवाना की गई है। बता दें कि पिछले हफ्ते मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर सलमान खान से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग वाला एक धमकी भरा मैसेज मिला था।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने भी दी थी धमकी
गौरतलब है कि सलमान खान को पहले ही लॉरेंस बिश्नोई गिरोह (Lawrence Bishnoi Gang) से जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। गिरोह के संदिग्ध सदस्यों ने इस साल अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी भी की थी। कुछ महीने पहले ही नवी मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से सलमान खान की हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया था। इसके बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved