
चेन्नई. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस (Fans) के लिए आईपीएल 2026 (IPL2026) का सीजन काफी भावुक रहा। एक तरफ टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई, वहीं दूसरी तरफ एमएस धोनी (MS Dhoni) पूरे सीजन चोट के कारण मैदान पर नजर नहीं आए। हालांकि, चेपॉक में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान धोनी मैदान पर जरूर उतरे। उन्होंने टीम फोटो के लिए खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और बाद में मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का अभिवादन किया। इस पल ने स्टेडियम में मौजूद हजारों समर्थकों को भावुक कर दिया।
इसी दौरान धोनी की मुलाकात उनके पुराने साथी और करीबी दोस्त सुरेश रैना से भी हुई, जो मैच में कमेंट्री कर रहे थे। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर चेन्नई सुपर किंग्स को चार आईपीएल खिताब जिताए थे और उनकी जोड़ी फ्रेंचाइजी की पहचान मानी जाती है।
रैना ने बताया धोनी से हुई खास बातचीत
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान सुरेश रैना ने खुलासा किया कि उन्होंने धोनी से अगले सीजन खेलने को लेकर बात की थी। रैना ने कहा, ‘मैंने उनसे कहा- आपने आईपीएल 2026 को मिस्ड कॉल दिया है, यह गिना नहीं जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा। इस पर उन्होंने कहा- मेरा शरीर थोड़ा कमजोर हो गया है।’
रैना ने आगे कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि हम यह मानने वाले नहीं हैं, आपको अगले साल खेलना ही होगा। लेकिन आखिरकार यह उनका निजी फैसला है। मुझे लगता है कि वह सकारात्मक सोच रहे हैं और टीम भी फिर से अच्छी तरह तैयार हो रही है।’ धोनी के इस जवाब ने करोड़ों सीएसके फैंस को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने लिखा कि माही के बिना आईपीएल की कल्पना करना बेहद मुश्किल है।
पूरे सीजन नहीं खेले धोनी
44 वर्षीय धोनी को सीएसके ने इस सीजन ‘अनकैप्ड प्लेयर’ नियम के तहत रिटेन किया था। उम्मीद थी कि वह युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर मैदान पर भी उतरेंगे। लेकिन चोट के कारण वह पूरे सीजन एक भी मुकाबला नहीं खेल सके। ना तो उन्होंने बल्लेबाजी की और ना ही विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने। इसके बावजूद टीम के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना रहा। ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रही।
फ्लेमिंग बोले- धोनी का प्रभाव अब भी बहुत बड़ा है
सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी धोनी के भविष्य पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘यह फैसला मैनेजमेंट को लेना है। इस मुद्दे पर काफी बातें हो रही हैं। एमएस इस पूरे साल टीम के साथ रहे हैं, जो युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने मैदान पर नहीं खेला, लेकिन टीम पर उनका प्रभाव अब भी बहुत बड़ा है।’ फ्लेमिंग ने आगे कहा, ‘हमने इस सीजन कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो भविष्य में सीएसके की नई पहचान बन सकते हैं। लेकिन आखिर में हमें नतीजों से आंका जाता है। धोनी का भविष्य क्या होगा, यह फैसला मैनेजमेंट करेगा।’
क्या आईपीएल 2027 में दिखेंगे थाला?
धोनी अगले सीजन खेलेंगे या नहीं, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। लेकिन चेपॉक में उनका मैदान पर उतरना और फैंस का प्यार देखकर यह साफ है कि सीएसके समर्थक अभी भी अपने ‘थाला’ को पीली जर्सी में देखना चाहते हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या धोनी आईपीएल 2027 में एक आखिरी बार मैदान पर उतरेंगे या यह चेपॉक में उनका आखिरी भावुक सफर था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved