
इंदौर। इंदौर दुग्ध संघ से किसानों की नाराजगी अब खुलकर सामने आ रही है। किसान 9 रुपए प्रति फेट दूध का मूल्य चाहते हैं, वहीं पशु आहार के दामों में बढ़ोतरी को कम करने और गुणवत्ता सुधार की मांग भी कर रहे हैं। दर्जनभर से ज्यादा मांगों को लेकर आज मांगलिया स्थित दुग्ध संघ कार्यालय पर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया है कि कल से दूध सप्लाई नहीं करेंगे, वहीं प्रबंधन ने भी किसानों से शांतिपूर्ण और सामंजस्य बनाते हुए धैर्य रखने की अपील की है।
मांगलिया से पहले इंदौर दुग्ध संघ कार्यालय के बाहर दूध उत्पादक किसानों का प्रदर्शन आज हो रहा है। इस बार किसानों के साथ पूर्व अध्यक्ष इंदौर दुग्ध सहकारी संघ मोतीसिंह पटेल ने भी मोर्चा खोल रखा है। जब यह अध्यक्ष थे, तब भी दुग्ध उत्पादक समितियां परेशान रही हैं।
किसान हित में हर निर्णय
किसानों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलबीर शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए 8.50 रुपए प्रति किलो फेट दूध क्रय का मूल्य तय कर दिया गया है। किसान शांतिपूर्ण और व्यावहारिक बातों पर साथ आएं, उनके हितों का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता में है।
दुग्ध उत्पादक किसानों की प्रमुख मांगें
– दुग्ध समितियों में पूर्व से प्रभावशील दूध क्रय सूची अनुसार ही दूध क्रय दर में की गई वृद्धि को प्रभावशील किया जाए।
– 11 मार्च 2026 से दूध क्रय भाव 9 रुपए प्रति फेट प्रभावशील किया जाए।
– मध्यप्रदेश सरकार द्वारा घोषित 5 रुपए प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दुग्ध उत्पादक किसानों को 1 अप्रैल 2026 से भुगतान की जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved