
नागदा। श्री जगन्नाथ महोत्सव के अंतर्गत 19 जुलाई को इस्कॉन नागदा एवं इस्कॉन उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई श्री बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा की भव्य एवं विशाल रथ यात्रा तृतीय वर्ष में निकाली जाएगी। विगत दो वर्षों में ऐतिहासिक जनसहभागिता के बाद इस बार भी पूरे नगर के सहयोग से रथ यात्रा को और अधिक दिव्य, भव्य एवं जन-जन की सहभागिता वाला स्वरूप दिया जा रहा है।
रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को आदि गौड़ ब्राह्मण समाज धर्मशाला में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा आयोजन समिति द्वारा नगर के गणमान्य पत्रकारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, सेवा कार्यों एवं संपूर्ण आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक श्रद्धालुओं तक रथ यात्रा का संदेश पहुंचाने का आग्रह किया गया। समिति के राकेश यादव एवं मुकेश डोडिया ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा को वृहद स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। नगर के प्रत्येक क्षेत्र में संकीर्तन यात्राओं के माध्यम से आमंत्रण दिया जा रहा है। विभिन्न हिन्दू संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, महिला मंडलों एवं मातृशक्ति को इस आयोजन से जोड़ा गया है, जिससे यह रथ यात्रा पूरे नगर का उत्सव बन सके। समिति के ओमप्रकाश चौहान एवं यशस्वी चौबे ने रूट चार्ट की जानकारी देते हुए बताया कि रथ यात्रा 19 जुलाई को दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर मार्ग एवं महिदपुर रोड होते हुए ज्योतिषी गार्डन पहुंचेगी, जहां सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। बैठक में निलेश मेहता, शंकर (पप्पू) प्रजापत, सोमदेव पाल, राकेश शर्मा, पुरुषोत्तम पुरोहित एवं पुरुषोत्तम सारस्वत उपस्थित रहे। मीडिया से प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक चौहान, सलीम खान, राजेश रघुवंशी, राशिद खान, चेतन नामदेव, जितेंद्र चौहान, पवन जाट, बंटी जाटिया, दिनेश मंडोरा, रवि रघुवंशी, महेश कच्छावा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved