
इन्दौर। देश में उड़ानों पर छाया संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इंडिगो में क्रू की कमी के कारण उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला जारी ही था कि इस बीच राजधानी दिल्ली में घना कोहरा भी उड़ानों को निरस्त करने का कारण बन रहा है। इन दोनों कारणों से कल इंदौर से जुड़ी 12 उड़ानें निरस्त रहीं, वहीं आज सुबह 10 बजे तक 7 उड़ानों को भी निरस्त किया गया है। इसके कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक कल इंडिगो द्वारा ऑपरेशनल कार्य का हवाला देकर जयपुर और हैदराबाद की 3 उड़ानों को निरस्त किया गया था। इसके बाद दिल्ली में खराब मौसम के चलते दिल्ली और दिल्ली से निकलकर अन्य शहरों से होकर आने और जाने वाली कुल 9 उड़ानें निरस्त रहीं। इनमें दिल्ली, मुंबई और जयपुर की उड़ानें शामिल थीं। इस तरह कल कुल 12 उड़ानें निरस्त रहीं। वहीं आज सुबह भी दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद की कुल 7 उड़ानों को निरस्त किया गया है। इनमें इंडिगो के साथ एयर इंडिया की उड़ानें भी शामिल हैं।
उड़ानों के निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने कल और आज सुबह भी एयरपोर्ट पर हंगामा किया। एयरलाइंस द्वारा यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में मौसम बिगडऩे से सुबह की जिन उड़ानों को निरस्त किया गया है उनके कारण रात तक की उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ा है, जिससे रात तक और भी उड़ानें निरस्त हो सकती हैं। वहीं अगर कल भी मौसम ठीक नहीं होता है तो कल भी यह परेशानी जारी रह सकती है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved