
नई दिल्ली. फ्रांस (France) ने गुरुवार को मोरक्को (Morocco) को 2-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप (Football World Cup) 2026 के क्वार्टर फाइनल (Quarter-final) में जीत हासिल की. किलियन एम्बाप्पे (Kylian Mbappe) ने पहले हाफ में पेनल्टी किक चूकने के बावजूद एक गोल किया और एक असिस्ट भी दिया. उस्मान डेम्बेले ने टीम का दूसरा गोल किया.
इस जीत के साथ फ्रांस अब सेमीफाइनल में डलास में स्पेन या बेल्जियम से भिड़ेगा. यह मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा. मैच के 60वें मिनट में एम्बाप्पे ने गोल दागा. यह उनके वर्ल्ड कप करियर का 20वां गोल है, जिससे वे अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी से सिर्फ एक गोल पीछे रह गए हैं. इसके बाद 66वें मिनट में डेम्बेले ने इस टूर्नामेंट का अपना पांचवां गोल किया.
गौरतलब है कि साल 2022 के कतर वर्ल्ड कप में भी फ्रांस ने सेमीफाइनल में मोरक्को को इसी स्कोर से हराया था, जब मोरक्को पहली अफ्रीकी टीम बनी थी जो वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंची थी. अब फ्रांस लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. पूरे मैच में फ्रांस का दबदबा साफ दिखा.
फ्रांस ने कुल 21 शॉट गोल की तरफ मारे जबकि मोरक्को सिर्फ 4 शॉट ही ले पाया. टारगेट पर शॉट के मामले में भी फ्रांस 8-1 से आगे रहा. टीम का दूसरा गोल तब आया जब एम्बाप्पे ने गेंद को डेम्बेले की तरफ बढ़ाया और खुद आगे दौड़ते हुए डिफेंडरों को अपनी तरफ खींच लिया, जिससे डेम्बेले को गोल करने की जगह मिल गई.
मैच की शुरुआत में चौथे मिनट में ही एम्बाप्पे का पहला शॉट गोल पोस्ट के पास से बाहर चला गया था. फिर 25वें मिनट में जब एम्बाप्पे बॉक्स के अंदर बाईं तरफ से दौड़ रहे थे, तभी मोरक्को के डिफेंडर नुसैर मजराउई ने उन्हें गिरा दिया. रेफरी फकुंडो टेलो ने तुरंत पेनल्टी दे दी. लंबे वीडियो रिव्यू के बाद 28वें मिनट में एम्बापे को शॉट लेने की इजाजत मिली, लेकिन गोलकीपर यासीन बोनो ने सही दिशा का अंदाजा लगाकर उनका शॉट रोक दिया.
इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में पैराग्वे के खिलाफ भी एम्बापे ने एक पेनल्टी ली थी. पहले हाफ में फ्रांस का दबदबा 13-1 शॉट के अंतर से साफ दिख रहा था. मोरक्को का सबसे अच्छा मौका हाफ टाइम से ठीक पहले आया जब अशरफ हकीमी की फ्री किक गोल पोस्ट के करीब से बाहर चली गई.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved