
इंदौर। प्रशासनिक क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता और बेहतरीन कार्यशैली के लिए पहचान बनाने वाले इंदौर के पूर्व अपर जिला कलेक्टर (एडीएम) बीबीएस तोमर का शुक्रवार शाम निधन हो गया। वे पिछले दो महीनों से गंभीर बीमारी के चलते शहर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत थे। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बीबीएस तोमर इंदौर में अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान प्रोटोकॉल व्यवस्था संभालने के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे। वीवीआईपी दौरों से लेकर प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे बड़े आयोजनों में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी प्रशासनिक क्षमता, सूझबूझ और बेहतर प्रबंधन कौशल की अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा हमेशा सराहना की जाती थी।
तोमर की कार्यशैली ऐसी थी कि बड़े आयोजनों में आने वाले अतिथियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक के साथ उनका सहज और सम्मानजनक व्यवहार चर्चा में रहता था। उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से प्रशासनिक महकमे में अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन को इंदौर के प्रशासनिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved