
इंदौर। इंदौर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में सामाजिक संस्था के पैसों में हेराफेरी और वित्तीय अनियमितता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाराष्ट्र श्री चर्मकार समाज संस्था के पदाधिकारियों द्वारा संस्था के आधिकारिक खातों से करीब साढ़े पांच लाख रुपए अपने निजी खातों में ट्रांसफर कर गबन किया गया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संस्था के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आइए देखते हैं इस पूरी खबर पर हमारी यह रिपोर्ट।
इंदौर शहर में आर्थिक अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।ताजा मामला पंढरीनाथ थाना क्षेत्र का है, जहां महाराष्ट्र श्री चर्मकार समाज संस्था के पदाधिकारियों द्वारा गंभीर वित्तीय अनियमितता और गबन को अंजाम दिया गया था।शिकायत के अनुसार, संस्था के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सचिव जैसे प्रमुख पदों पर बैठे पदाधिकारियों पर आरोप था कि उन्होंने संस्था के आधिकारिक बैंक खातों में आने वाले पैसों को चालाकी से अपने निजी खातों में ट्रांसफर कर लिया।इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आरोपियों द्वारा कुल 5 लाख 50 हजार रुपए की राशि का दुरुपयोग किया गया और इसे अपने निजी स्वार्थ के लिए हड़प लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंढरीनाथ थाने में धोखाधड़ी, विश्वासघात और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई थी।पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो मुख्य आरोपियों संस्था के अध्यक्ष ‘शरद’ और कोषाध्यक्ष ‘शशिकांत’ को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, तथा इस गबन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved