
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल (West Bengal) और असम विधानसभा चुनावों (Assam Assembly Elections) के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार बढ़त ने देशभर के कार्यकर्ताओं में भारी जोश भर दिया है. इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पश्चिम बंगाल में पहली बार पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ती बीजेपी के लिए यह पल बेहद खास है क्योंकि पार्टी ने वहां दशक पुराने राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया है.
प्रधानमंत्री ने जीत का श्रेय बीजेपी कार्यकर्ताओं को दिया. उन्होंने कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को स्वागत-माला भी पहनाई. प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वर्षों की तपस्या आज सफल हुई है. अपने भाषण में पीएम मोदी ने पूरे देश, विशेषकर बंगाल, को लेकर पांच बड़े संदेश भी दिए. मोदी ने कहा कि यह जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि इसकी टाइमिंग बहुत कुछ कह रही है. जब पूरी दुनिया जंग में उलझी है, तब भारत ने उसका मुकाबला काफी मजबूती से किया है. चुनाव परिणाम ने इसे साबित भी कर दिया है.
गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनने पर उन्होंने कहा- गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है. सालों की साधना जब सिद्धि में बदलती है तो जो खुशी होती है वो खुशी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं.
बीजेपी मुख्यालय से मोदी के 5 संदेश
1. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा की जो प्रवृत्तियां फैली हुई हैं, उन्हें समाप्त करने की आवश्यकता है. हिंसा के इस अनगिनत चक्र को खत्म किया जाना चाहिए. मैं सभी राजनीतिक दलों से कहना चाहता हूं कि इस पर रोक लगाने के लिए आगे आएं और विकास में भागीदारी निभाएं.
2. मोदी ने अपने भाषण में कहा कि यह बदला का वक्त नहीं है, बदलाव का वक्त है. हिंसा की कोई जगह अब बंगाल में नहीं है. जो लोग ऐसा करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. बंगाल में अब सिर्फ सेवा के लिए काम हो. भय नहीं, वहां पर अब सिर्फ भविष्य की बात हो.
3. प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान गंगा और ब्रह्म पुत्र नदियों के जरिए हिंदुत्व को भी टच करने की कोशिश की. प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक अब बीजेपी की सरकार है. इसकी अनुभूति मुझे हो रही है. उन्होंने असम जीत को ब्रह्म पुत्र से जोड़ा. दोनों नदियों का हिंदू धर्म में काफी महत्व है.
4. महिलाओं को लेकर भी पीएम मोदी ने अपने भाषण में बड़ा संदेश दिया. मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने महिला आरक्षण रोकने की कोशिश की थी, उन्हें वहां की माताओं और बहनों ने सबक सिखा दिया है. डीएमके, टीएमसी और कांग्रेस को महिलाओं की वजह से चुनाव में करारी हार मिली है.
5. अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने आगे की रूपरेखा भी स्पष्ट कर दी. अब उनकी नजर यूपी पर है. प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह डीएमके, टीएमसी और कांग्रेस को मात मिली है, उसी तरह आने वाले समय में समाजवादी पार्टी को भी माताएं-बहनें सबक सिखाएंगी. समाजवादी पार्टी ने भी आरक्षण में बाधा डालने का प्रयास किया था.
कांग्रेस पर मोदी सबसे ज्यादा हमलावर
अपने भाषण में पीएम मोदी कांग्रेस पर सबसे ज्यादा हमला करते नजर आए. उन्होंने कहा कि जंगल से नक्सली भगाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस अर्बन नक्सलियों का सेंटर बनती जा रही है. उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस को मौका मिला, तो उसने काम नहीं किए. पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस भले केरल में जीत गई हो, लेकिन यह जीत उसकी नहीं है. पीएम ने कहा कि लोग केरल की कम्युनिष्ट पार्टियों से नाराज थी, जिसके कारण कांग्रेस को जीत मिली है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved