
देश में महिलाओं के कोरोना वैक्सिनेशन के आंकड़ों ने केंद्र सरकार को चिंता में डाल दिया है। वैक्सीन की कम से कम पहली डोज लगाने के मामले में भारत लगभग अपनी आधी आबादी को कवर करने के करीब है। ऐसे में देश में वैक्सीन लगवाने के मामले में महिलाओं के आंकड़ों में कमी चिंताजनक है। खासकर कि उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में जहां पुरुषों के मुकाबले महिलाओं के वैक्सिनेशन आंकड़ों में काफी अंतर है। वहीं केरल और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में वैक्सिनेशन के मामले में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं आगे हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक देश में वैक्सीन की अब तक लगभग 52.2 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं। इनमें से 46 फीसदी डोज महिलाओं को दी गई है। केंद्र सरकार के एक सीनियर अधिकारी के अनुसार, “देश में इस समय पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में वैक्सिनेशन के आंकड़ों में 7 से 8 फीसदी का गैप है। देश में महिला और पुरुषों की जनसंख्या अनुपात में ज्यादा अंतर नहीं है। इसलिए वैक्सिनेशन का ये गैप बहुत ज्यादा है। पुरुषों और महिलाओं में वैक्सिनेशन का ये अंतर 2 से 3 फीसदी से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
अधिकारियों के अनुसार अप्रैल महीने तक पुरुषों और महिलाओं में वैक्सिनेशन का ये अंतर 10 फीसदी था। जो अब घटकर 7 से 8 फीसदी तक आ गया है। हालांकि इसके मुख्य कारण गर्भवती महिलाओं में वैक्सिनेशन की शुरुआत है। 30 जुलाई तक देश में 2।3 लाख गर्भवती महिलाओं को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved