
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत। उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर पोलियो टीकाकरण अभियान को निशाना बनाया गया है। उत्तरी वजीरिस्तान जिले की मीर अली तहसील में अज्ञात बंदूकधारियों ने पोलियो टीम पर गोलीबारी की, जिसमें टीम की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की है। यह क्षेत्र अफगानिस्तान की सीमा से सटा हुआ है जो लंबे समय से हिंसा और अस्थिरता का केंद्र रहा है।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। पूरे इलाके को घेर लिया गया और हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया गया है। हालांकि, अभी तक किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन ऐसे हमले अक्सर स्थानीय आंतंकी समूहों से जुड़े होते हैं।
बता दें कि, पाकिस्तान में पोलियो उन्मूलन अभियान पिछले कई वर्षों से चुनौतियों का सामना कर रहा है। खासकर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ हिस्सों, जैसे उत्तरी और दक्षिणी वजीरिस्तान, बन्नू, बजौर और अन्य आदिवासी क्षेत्रों में पोलियो टीमों पर बार-बार हमले हो रहे हैं। पिछले एक दशक में सैकड़ों पोलियो कर्मियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की जान जा चुकी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved