
नई दिल्ली। सनातन धर्म (Sanatan Dharma) में गुरु पूर्णिमा (Guru Purnima) का विशेष महत्व है। यह पर्व आषाढ़ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है और गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर माना जाता है। इस दिन महर्षि वेदव्यास का जन्मोत्सव भी मनाया जाता है, इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल है कि वर्ष 2026 में गुरु पूर्णिमा 28 जुलाई को होगी या 29 जुलाई को।
कब है गुरु पूर्णिमा 2026?
हिंदू पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 28 जुलाई 2026 को शाम 6:18 बजे शुरू होगी और 29 जुलाई 2026 को रात 8:05 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर गुरु पूर्णिमा का पर्व 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को मनाया जाएगा। इसी दिन व्रत, पूजा और गुरु पूजन करना शुभ रहेगा।
स्नान-दान का शुभ मुहूर्त
गुरु पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में स्नान और दान का विशेष महत्व माना गया है। इस दिन सुबह 4:17 बजे से 4:59 बजे तक स्नान और दान का श्रेष्ठ समय रहेगा।
क्यों मनाई जाती है गुरु पूर्णिमा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ पूर्णिमा के दिन ही महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था। उन्होंने महाभारत, 18 पुराण और ब्रह्मसूत्रों की रचना की तथा चारों वेदों का वर्गीकरण किया। इसी कारण उन्हें सनातन परंपरा का प्रथम गुरु माना जाता है। इस दिन शिष्य अपने गुरु का सम्मान करते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।
क्या है इस पर्व का महत्व?
सनातन संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समान, बल्कि कई स्थानों पर उनसे भी श्रेष्ठ माना गया है। गुरु ही व्यक्ति को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। मान्यता है कि गुरु पूर्णिमा पर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करने से बुद्धि, विवेक और जीवन में सही दिशा मिलती है तथा अनेक बाधाएं दूर होती हैं।
गुरु पूर्णिमा की पूजन विधि
– सुबह स्नान कर व्रत और पूजा का संकल्प लें।
– घर के मंदिर में भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और महर्षि वेदव्यास की प्रतिमा या चित्र के सामने दीप जलाएं।
– गुरु उपस्थित हों तो उनके चरण स्पर्श कर रोली, अक्षत, चंदन, पुष्पमाला अर्पित करें।
– सामर्थ्य के अनुसार वस्त्र, फल, मिष्ठान और दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद लें।
– यदि गुरु पास में न हों तो उनकी तस्वीर के सामने ध्यान लगाकर मानसिक रूप से पूजा करें और उनका स्मरण करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved