
मुम्बई/नई दिल्ली। दिल्ली बेस उद्योगपति शिव नाडर की अगुवाई वाली एचसीए टेक्नालॉजीज ने सोमवार को कहा कि वह ऑस्ट्रेलियाई की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी डीडब्ल्यूएस का अधिग्रहण करेगी। एचसीएल को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत करने में इससे मदद मिलेगी।
एचसीएल टेक्नालॉजी ने आज बीएसई की फायलिंग में बताया कि कुल 13.18 करोड़ शेयरों के लिए 15.82 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (850.33 करोड़ रुपये) का भुगतान किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि सौदे के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरियां ली जानी बाकी हैं। नियामक मंजूरियां मिलने के बाद दिसम्बर 2020 तक अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
कंपनी ने बयान में कहा कि डीडब्ल्यूएस के शेयरधारकों को कंपनी द्वारा हाल में घोषित किए गए 0.03 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्रति शेयर का लाभांश भी दिया जाएगा। डीडब्ल्यूएस में 700 से अधिक कर्मचारी हैं और मेलबर्न, सिडनी, एडिलेड, ब्रिसबेन और कैनबरा में इसके कार्यालय हैं। कंपनी की आय वित्त वर्ष 2020 में 16.79 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर थी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved