देश

हिमाचल प्रदेश के इन छह जिलों में भारी बर्फबारी, 677 सड़कें 961 बिजली ट्रांसफार्मर ठप, जनजीवन अस्त-व्यस्त


शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी भाग बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं। शिमला, सिरमौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिले समेत हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। इन इलाकों में दो दिन से बर्फबारी जारी है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी भारी बर्फबारी हुई है।

यातायात बुरी तरह प्रभावित है। राज्य आपदा संचालन केंद्र की ओर से जारी शुक्रवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अभी तीन एनएच दारचा से सरचू, ग्रांफू से लोसर और शिमला-रामपुर समेत 677 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। इसके अलावा 961 बिजली ट्रांसफार्मर और 98 पेयजल योजनाएं ठप पड़ गई हैं।

प्रदेश में हवाई उड़ानें भी बंद हैं। बारिश व बर्फबारी से पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लाहौल में हिमस्खलन का क्रम भी जारी है। लाहौल के तांदी के पास तांदी के पास हिमस्खलन हुआ है। वहीं मनाली, रोहतांग दर्रा, सोलंगनाला, अटल टनल रोहतांग, जलोड़ी दर्रा, सिस्सू समेत ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह से लकदक हो गए हैं।

राजधानी शिमला में जारी भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राजधानी का ऊपरी शिमला से संपर्क पूरी तरह कट गया है। शहर में भी यातायात सुबह से ठप है। वहीं, शहर के रेडियो स्टेशन के पास एक पेड़ गिर गया है। बर्फबारी से शहर में पेड़ गिरने का खतरा बढ़ गया है। कुल्लू और लाहौल जिले में भी भारी हिमपात हुआ है। लाहौल और पांगी-किलाड़ का कुल्लू-मनाली से संपर्क कट गया है।


सोलन जिले के कसौली, चायल, कंडाघाट और सोलन शहर में भी बर्फबारी हुई है। चायल में बर्फबारी से दर्जन बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं। डगशाई में छह इंच बर्फ का अनुमान लगाया जा रहा है। कांगड़ा में भी नड्डी, मुल्थान, बीड़ बिलिंग सहित धौलाधार की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है।

सिरमौर में बर्फबारी-बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। गिरिपार इलाका जिला मुख्यालय नाहन व शेष हिमाचल से कट गया है। लाहौल और कुल्लू में दो हाईवे के साथ 200 से अधिक सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 140 से ज्यादा ट्रांसफार्मर बंद हैं। सिरमौर के ऊपरी इलाकों में भारी हिमपात से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

मौसम विभाग ने आज भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। आठ फरवरी तक प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। शिमला में न्यूनतम तापमान -0.4, सुंदरनगर 4.1, भुंतर 2.3, कल्पा -4.7, धर्मशाला 3.2, उना 6.2 , नाहन 6.1, केलांग -6.9, पालमपुर 3.0, सोलन 2.6, मनाली 0.4, कांगडा 6.6, मंडी 5.6, बिलासपुर 7.0, हमीरपुर 6.6, चंबा 2.0, डलहौजी -2.0, कुफरी -3.2, जुब्बडहटृटी 2.4 और पांवटा साहिब में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी भरमौर में भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। भारी बर्फबारी से पर्यटन नगरी डलहौजी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों परेशानियां बढ़ गई है। बर्फबारी के बीच सैकड़ों वाहन जगह जगह फंसे हुए हैं। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पर्यटन स्थल खज्जियार भी बर्फ से लकदक हो गई है।

Share:

Next Post

UP Election: CM योगी ने गोरखपुर सदर से दाखिल किया नामांकन, अमित शाह ने भरी हुंकार

Fri Feb 4 , 2022
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ (Yogi Adityanath) ने शुक्रवार को गोरखपुर शहर विधान सभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया. सीएम योगी के नामांकन के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद थे. गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा के बाद मुख्‍यमंत्री […]