
काहिरा । मिस्र (Egypt) के सिनाई प्रायद्वीप में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त (Helicopter crash) हो गया जिसमें अमेरिका, फ्रांस और चेक गणराज्य के सात शांति सैनिकों की मौत हो गयी। बहुराष्ट्रीय सुरक्षाबल एवं पर्यवेक्षक दल (एमएफओ) ने गुरुवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी।
एमएफओ ने वक्तव्य में कहा, “ नियमित प्रशिक्षण के दौरान 12 नवंबर को हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हमारे सात शांति सैनिकों की मौत से हम बेहद दुखी हैं। इन सैनिकों का संबंध तीन देशों से था। मारे गए शांति सैनिकों में पांच अमेरिका, एक फ्रांस और एक चेक गणराज्य का था।”
इस दुर्घटना में एक शांति सैनिक को सुरक्षित बचा लिया गया। यह दुर्घटना मिस्र के शर्म-अल-शेख इलाके में हेलीकॉप्टर की नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई। वक्तव्य के मुताबिक इस दुर्घटना के पीछे तकनीकी कारणों को जिम्मेदार बताया जा रहा है जिसकी जांच की जायेगी। मिस्र और इजरायल के अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
गौरतलब है कि मिस्र और इजरायल के बीच 1978 में हुए शांति समझौते की निगरानी करने के लिए 13 देशों के एक हजार से अधिक शांति सैनिक मिस्र में तैनात हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved