
इंदौर। हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें रफ्तार से चल रहे एक ट्राले वाले ने एकाएक ब्रेक लगाया तो उसमें दूसरा ट्राले वाला घुस गया, जिससे एक ट्राले के चालक की मौत हो गई। मानपुर पुलिस ने बताया कि अलसुबह करीब 3 बजे मानपुर नाके से गुजर रहे 16 पहिए के ट्राले वाले ने एकाएक ब्रेक लगाए तो उसमें पीछे से आ रहा एक अन्य ट्राला घुस गया। हादसा इतना भीषण था कि पीछे वाले ट्राले का अगला हिस्सा दब गया।
उसका चालक 35 वर्षीय द्वारका पिता सियाचंद निवासी ग्राम पलोधर (दतिया) उसमें फंस गया। टॉमी और कटर की मदद से ट्राले का अगला हिस्सा काटकर उसे निकाला गया। बताया गया कि द्वारका के दोनों पैर कट गए थे। उसे निकालने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। वह दर्द से कहरा रहा था और कुछ देर बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई। उसका साथी क्लीनर मामूली घायल हुआ है। पुलिस ने दोनों ट्रालों को जब्त कर थाने पर खड़ा करवाया।
पितृ पर्वत पर डंपर ने कार सवार को मारी टक्कर
उधर, कल रात हातोद रोड स्थित पितृ पर्वत और बुड़ानिया के बीच कार और डंपर की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। कार चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को थाने ले जाया गया।
मासूम बच्चे को सांप ने काटा
इंदौर। एक मासूम बच्चे को सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कनाड़िया पुलिस ने बताया कि बायपास स्थित मालवा कॉलेज के पास रहने वाले एक परिवार के 5 साल के वीर पिता राहुल को सांप ने काट लिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved