img-fluid

भारतीय बेटियों का ऐतिहासिक प्रदर्शन, पहली बार ऑस्ट्रेलिया में जीती टी20 सीरीज

February 21, 2026

नई दिल्ली। भारत (India) ने ऑस्ट्रेलिया (Australia) को तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 17 रन से हराकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय महिला टीम ने इस जीत के साथ इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टीम इंडिया ने पहली बार टी20 सीरीज जीती है। शनिवार को एडिलेड में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत ने स्मृति मंधाना (82) और जेमिमा रोड्रिग्स (59) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर सिर्फ 159 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में भारत के लिए श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि अरुंधति रेड्डी ने दो सफलताएं अपने नाम कीं। वहीं, रेणुका सिंह ने एक विकेट झटका।

ऑस्ट्रेलिया की पारी
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ही खराब हुई। श्रेयंका पाटिल ने जॉर्जिया वॉल को रेणुका के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 10 रन बना पाईं। दूसरा विकेट रेणुका ने नाम किया। उन्होंने बेथ मूनी को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ छह रन बना सकीं। भारत के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने सर्वाधिक 57 रनों की पारी खेली जबकि छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इस मैच में एलिस पेरी ने एक, ग्रेस हैरिस ने एक और कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने छह रन बनाए। वहीं, किम गार्थ और डार्सी ब्राउन क्रमश: सात और आठ रन बनाकर नाबाद रहीं।

शुरुआती झटके के बाद संभली टीम
भारत के लिए इस मैच में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पारी की शुरुआत की। शेफाली हालांकि, ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं और किम गार्थ ने उन्हें अपना शिकार बनाया। शेफाली सात रन बनाकर आउट हुईं। इसे बाद मंधाना और जेमिमा रॉड्रिग्स ने मोर्चा संभाला और शानदार साझेदारी निभाई। इन दोनों ने भारतीय पारी को संभाला। इस दौरान मंधाना ने छक्के के साथ अर्धशतक भी पूरा किया। वहीं, जेमिमा भी पचासा लगाने में सफल रहीं।

मंधाना-जेमिमा के अलावा अन्य बल्लेबाज रहे फ्लॉप
मंधाना और जेमिमा के अलावा भारतीय महिला टीम के अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे और बड़ी पारी नहीं खेल सके। भारत के लिए मंधाना ने सबसे ज्यादा 55 गेंदों पर आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। वहीं, जेमिमा 46 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुईं। ऋचा घोष सात गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18 रन, अमनजोत कौर एक और दीप्ति शर्मा एक रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर दो रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया के लिए एनाबेल सदरलैंड को दो विकेट मिले, जबकि किम गार्थ और मोलिन्यूक्स को एक-एक सफलता मिली।

भारत ने प्लेइंग-11 में किया एक बदलाव
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। क्रांति गौड़ की जगह श्रेयंका पाटिल को मौका मिला। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने भी एक बदलाव करते हुए निक कैरी की जगह ग्रेस हैरिस को एकादश में शामिल किया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोएबे लीचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वारेहम, एनाबेल सदरलैंड, ग्रेस हैरिस, किम गार्थ, सोफी मोलिन्यूक्स (कप्तान), डार्सी ब्राउन।

Share:

  • MP अंतिम मतदाता सूची में 5 करोड़ 39 लाख, 81,065 वोटर्स, 34 लाख मतदाता घटे

    Sat Feb 21 , 2026
    दिग्विजय ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में एसआईआर(मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। एसआईआर को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार झा (Chief Electoral Officer Sanjeev Kumar Jha) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि- एसआईआर की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एमपी […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved