
इंदौर। शहर में कई स्थानों पर कल रात होलिका दहन किया गया। एक साथ कई स्थानों पर होली जलाने से अचानक वायु प्रदूषण बढ़ गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स बढक़र 188 तक पहुंच गया। रात को जलाई गई होली सुबह तक जलती रही, जिससे सुबह भी कई क्षेत्रों में धुआं छाया रहा, वहीं आज रात भी कई स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जिससे आज भी वायु प्रदूषण में कमी की उम्मीद नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इस बार होली पर चंद्रग्रहण होने के कारण होली जलाने को लेकर संशय की स्थिति बनी रही। कुछ लोगों ने कल रात ही होली जलाई और कुछ लोग आज होलिका दहन करेंगे। कल रात से चल रहे होलिका दहन के कारण हवा में धुएं का स्तर अचानक बढ़ गया। इसके कारण आमतौर पर 100 अंकों के आसपास रहने वाला एक्यूआई कल बढक़र 188 पर जा पहुंचा, जो हवा में प्रदूषण की बढ़त को दर्शाता है। यह शहर के मध्य क्षेत्र रीगल सर्कल पर स्थित मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के केंद्र पर दर्ज किया गया। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी एक्यूआई में बढ़त दर्ज की गई।
आज भी जलेगी होली, कल तक रहेगा असर
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर डीके वाघेला ने बताया कि कल रात को जहां होलिका दहन के बाद वायु प्रदूषण बढऩा शुरू हुआ था। कल जहां होलिका दहन किया गया था, वहां आज भी होली जल रही है। इससे सुबह भी कई क्षेत्रों में धुआं रहा। शहर में आज भी कई स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इसका असर कल तक देखने को मिलेगा। अचानक वायु प्रदूषण बढऩे से सांस के रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रंगपंचमी पर भी बढ़ेगा वायु प्रदूषण
होली पर होलिका दहन के कारण वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी हुई है। वहीं अब रंग पंचमी पर निकलने वाली गैर के दौरान उड़ाए जाने वाले रंगों के कारण भी वायु प्रदूषण में काफी बढ़ोतरी होती है। प्रशासन द्वारा सभी संगठनों से अपील की गई है कि वे होली और रंगपंचमी पर हर्बल रंगों का इस्तेमाल करें ताकि इससे किसी तरह का खतरा न हो।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved