
सरपंच आगे आईं…पर्यटन मंत्री को लिखा पत्र…वर्ष 2007 में मंजूर हुए थे 267 करोड़ 36 लाख रुपए
इंदौर। पर्यटन स्थल पातालपानी पर बांध बन जाए तो पूरे सालभर झरना बहता रहेगा। इसके लिए सरपंच आगे आई हैं और पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा है। अगर बांध बन जाए तो बारिश में लबालब पानी भर जाएगा। साथ ही किसानों को भी फायदा मिलेगा।
कोदरिया की सरपंच अनुराधा जोशी ने पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में हवाला दिया गया है कि पातालपानी झरने पर बहने वाली नदी पर बांध का निर्माण किया जाए। इसके बन जाने से झरना पूरे साल बहता रहेगा और अगर 6 इंच ही बारिश हो गई तो पूरा लबालब हो जाएगा। वहां की भौगोलिक स्थिति से बांध की करीब 40 फीट की गहराई है। दोनों ओर पहाड़ी के बीच नदी बहती है। बारिश के दिनों में जानापाव तक का पानी नदी में आता है। उल्लेखनीय है कि जल संसाधन संसाधन विभाग ने वर्ष 2007 में बांध बनाने के लिए निर्माण कार्य की मंजूरी दी थी। कृषि की सिंचाई हेतु 267 करोड़ 36 लाख रुपए भी स्वीकृत किए गए थे। 10 हेक्टेयर वन भूमि बांध निर्माण में आ रही थी। उसके बदले शासन ने श्योरपुर जिले की बरगवां ग्राम में गैरवन भूमि आवंटन की स्वीकृति कर दी थी, परंतु डूब क्षेत्र में प्रभावित होने वाली निजी 22.088 हेक्टेयर भूमि और लागत अधिक होने के कारण योजना निरस्त कर दी गई थी। वर्तमान में पंचायत द्वारा पातालपानी पर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य बांध बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved