
शिकायत पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने दिए जांच के आदेश
इन्दौर। इंदौर (Indore) के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट (Devi Ahilyabai Holkar Airport) पर पार्किंग और फ्री पिकअप एंड ड्रॉप व्यवस्था को लेकर गंभीर गड़बडिय़ां सामने आ रही हैं। आरोप है कि एयरपोर्ट के एग्जिट प्वाइंट (Exit point) पर आम यात्रियों से फ्री समय पूरा होने से पहले ही अवैध रूप से राशि वसूली जा रही है, जबकि टैक्सी चालकों से ‘सेटिंग’ के तहत कम पैसे लेकर बिना रसीद बार-बार आने-जाने की छूट दी जा रही है।
यह मामला यात्री धीरज शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर शिकायत करने के बाद उजागर हुआ। शिकायत में बताया गया कि यात्रियों को ड्रॉप करने पर 65 रुपये वसूले जा रहे हैं, जबकि कई टैक्सी चालक 50 रुपये देकर बिना रसीद कई ट्रिप करते देखे गए। सबसे गंभीर आरोप यह है कि फ्री पिक-अप और ड्रॉप के लिए तय समय पूरा होने से पहले ही यह राशि वसूली जा रही है, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। मामले की शिकायत सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा है कि प्रवेश और निकास शुल्क तय मानकों के अनुसार ही लिया जाना चाहिए और रसीद जारी करना अनिवार्य है। प्रबंधन ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं और स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी तरह की अनियमितता या कर्मचारियों-टैक्सी चालकों की मिलीभगत पाई गई, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों का कहना है कि ऐसी अवैध वसूली से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा। अक्सर समय से पहले एक्जिट प्वाइंट पर पहुंचने पर भी पार्किंग कर्मचारी वाहनों की कतारें लगाते हैं और बेवजह की देरी करते हैं ताकि फ्री का समय खत्म हो जाए और फिर अवैध वसूली करते हैं। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी है।