
ढाका. बांग्लादेश (Bangladesh) में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय (minority Hindu community) के खिलाफ हिंसा (violence) की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला नरसिंदी जिले का है, जहां किराना व्यापारी (Grocery merchant) मणि चक्रवर्ती (Mani Chakraborty) की बदमाशों ने हत्या कर दी. यह घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मणि चक्रवर्ती चारसिंदुर बाज़ार में अपनी किराना दुकान चलाते थे. चारसिंदुर बाजार, नरसिंदी के पलाश उपजिला क्षेत्र में आता है. मणि चक्रवर्ती साधरचर यूनियन, शिबपुर उपजिला के रहने वाले थे और मदन ठाकुर के बेटे थे. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रोज की तरह मणि चक्रवर्ती अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मणि चक्रवर्ती को बचाने की कोशिश करते हुए अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई.
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मणि चक्रवर्ती एक शांत और सौम्य स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी जानकारी में उनका किसी से कोई विवाद नहीं था. खुले बाजार में इस तरह की बेरहमी से की गई हत्या ने व्यापारियों और आम लोगों के बीच असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है.
स्थानीय समुदाय के जागरूक लोगों ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है. उनका कहना है कि अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के एक व्यापारी की इस तरह सार्वजनिक तौर पर हत्या बेहद चिंताजनक है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved