
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी अब अपने मोर्चा और प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्षों की सूची जारी करने की तैयारी कर रही है। हालांकि प्रदेश में अध्यक्ष तो बना दिए गए हैं, लेकिन उनकी कार्यकारिणी लंबित पड़ी है, वहीं जिलाध्यक्षों ने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से राय-मशविरा लेना शुरू कर दिया है।
भाजपा अब संगठन विस्तार को नया रूप देने जा रही है। हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष बने काफी समय हो गया है और उन्होंने अपनी कार्यकाािरणी के साथ-साथ मोर्चा और प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी है। कुछ मोर्चा और प्रकोष्ठ बाकी है, जिन पर नियुक्ति की जाना है। पार्टी चाह रही है कि जल्द से जल्द इनकी भी घोषणा कर दी जाए। इसलिए सभी प्रदेश अध्यक्षों को अपनी-अपनी कार्यकाािरणी बनाने के लिए भी कहा गया है।
मोर्चा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी की जाना है। फरवरी माह में कुछ जिलों में मोर्चा और प्रकोष्ठ के नए अध्यक्ष मिल जाएंगे। पार्टी चाह रही है कि अगले साल होने वाले निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक इनकी नियुक्ति रहेगी, इसलिए इन पर दमदार नेताओं के नाम मंगवाए जाएं। जिलाध्यक्षों ने इस पर चर्चा करना भी शुरू कर दिया है।
फिलहाल विधायकों से कहा गया है कि उनके क्षेत्र में जो भी दावेदार हो, उसकी जानकारी निकालकर नाम दिया जाए। युवा मोर्चा में उम्र का बंधन रहेगा और मात्र 40 साल तक के युवाओं को ही इसमें मौका दिया जाएगा, वहीं युवा मोर्चा के साथ-साथ महिला मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा के साथ-साथ अन्य प्रकोष्ठ के लिए भी नाम निकाले जा रहे हैं। पिछली बार के मोर्चा पदाधिकारियों के कामों का आकलन भी किया जा रहा है, ताकि जो सक्रिय हो, उसे प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान दिया जा सके।
पार्टी युवा और महिला मोर्चा पर सशक्त और सर्वमान्य नाम तलाशने का कह चुकी है, क्योंकि ये दोनों ही मोर्चा चुनाव और अन्य कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश के सूत्रों का कहना हैकि प्रदेश कार्यकाािरणी की घोषणा होने के बाद जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में देर नहीं की जाएगी, क्योंकि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को सालभर हो गया है और उन्हें पुराने मोर्चा-प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी से काम चलाना पड़ रहा है। अधिकांश मोर्चा और प्रकोष्ठ अध्यक्ष तो अपना कार्यकाल समाप्त मानकर निष्क्रिय हो गए हैं, इसलिए भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति जरूरी हो गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved