
इंदौर। इंदौर सहित देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। 11 दिनों में चौथी बार तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। रविवार देर रात जारी नई दरें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गईं। लगातार बढ़ती कीमतों के चलते आम लोगों, वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
इंदौर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह वासु के मुताबिक नई दरों के अनुसार इंदौर में पेट्रोल 111.70 रुपए से बढक़र 114.56 रुपए प्रति लीटर हो गया है। यानी पेट्रोल में 2.86 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, वहीं डीजल 96.90 रुपए से बढक़र 99.69 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इस तरह डीजल 2.79 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। स्पीड पेट्रोल के दाम भी 121.45 रुपए से बढक़र 124.30 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। लगातार बढ़ रही कीमतों से अब परिवहन लागत बढऩे लगी है। इसका असर माल भाड़े, बस किराए और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पडऩे लगा है। पेट्रोलियम कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है।
इंदौर में पिछले 11 दिनों में पेट्रोल डीजल के दाम 8 रुपए बढ़ चुके हैं। अमेरिका-ईरान तनाव और हार्मुज स्ट्रेट से तेल आपूर्ति प्रभावित होने के चलते वैश्विक बाजार में दबाव बना हुआ है। अगर हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश में सबसे महंगा पेट्रोल, 29 प्रतिशत वेट के साथ ढाई रु. प्रति लीटर अतिरिक्त
एक ओर पेट्रोलियम कंपनियां दाम बढ़ा रही है, वहीं राज्य सरकार अपने हिस्से का टैक्स कम नहीं कर रही है, जिस कारण दूसरे राज्यों की अपेक्षा मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल के सबसे ज्यादा भाव है। अकेले पेट्रोल पर ही 29 प्रतिशत वेट टैक्स है तो सरकार इसके अतिरिक्त ढाई रुपए प्रति लीटर सरकार अलग से लेती है और फिर पूरे दाम पर 1 प्रतिशत सेस लगता है, वहीं डीजल पर 19 प्रतिशत वेट टैक्स लेती है, जो दूसरे राज्यों की तुलना में अधिक है। आशंका है कि अब घरेलू एलपीजी के दामों में बढ़ोतरी की जा सकती है, वहीं सीएनजी पर अभी सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया है। सीएनजी अभी भी 95 रुपए प्रतिकिलो के भाव से मिल रही है, इसके दाम भी बढऩे की संभावना है।
एक नजर ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों पर
ईंधन 14 मई 15 मई 19 मई 23 मई 25 मई कुल बढ़ोतरी
पेट्रोल 106.54 109.81 110.76 111.70 114.56 8.02
डीजल 91.93 95.02 95.95 96.90 99.69 7.76
स्पीड पेट्रोल 116.28 119.56 120.51 121.45 124.30 8.02
(जानकारी पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved