
इंदौर। शहर में इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर साइबर ठगी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चंदन नगर थाना क्षेत्र के नूरानी नगर में रहने वाले एक युवक के साथ शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर 1 लाख 89 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की घटना सामने आई है। शातिर जालसाज ने फर्जी लिंक भेजकर किस्तों में फरियादी के खाते से बड़ी रकम पार कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
चंदन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी सब्बी हुसैन पिता अब्दुल काजी निवासी नूरानी नगर ने थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि बीती 11 अगस्त की शाम उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर मार्केट में इन्वेस्ट कर प्रॉफिट कमाने से संबंधित एक लिंक आई थी। जैसे ही फरियादी ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका खाता साइबर ठगों के नियंत्रण में आ गया।
11 अगस्त की शाम को ही तीन अलग-अलग किस्तों में पहले 20,000 रुपये, दूसरी बार 48,000 रुपये और तीसरी बार 26,000 रुपये कट गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि शुरुआत में राशि कटने का कोई एसएमएस फरियादी के मोबाइल पर प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद 13 अगस्त की शाम को चौथी बार 25,997 रुपये, पांचवीं बार 48,556 रुपये और आखिरी बार 19,860 रुपये कटने के मैसेज मोबाइल पर आए।इस तरह ठगों ने शेयर मार्केटिंग के नाम पर धोखे से फरियादी के खाते से कुल 1,89,863 रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए ट्रांसफर कर लिए। खाते से बड़ी रकम गायब होने के बाद जब कोई मुनाफा नहीं मिला, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत बैंक व पुलिस से संपर्क किया। चंदन नगर थाना पुलिस ने फरियादी सब्बी हुसैन की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved