खेल बड़ी खबर

Ind vs Sri : भारत ने पहले टी20 में श्रीलंका को 62 रन से हराया, रोहित ने हासिल की खास उपलब्धि

लखनऊ। भारत और श्रीलंका (India and Sri Lanka) के बीच तीन टी20 मैचों की श्रृंखला (three T20 matches series) के पहले मुकाबले (first match) में भारत ने श्रीलंका को 62 रन से हरा दिया है। भारत के 200 रन के लक्ष्य के आगे श्रीलंकाई टीम 137 रन ही बना सकी। भारत की इस जीत के हीरो ईशान किशन (89 रन) और श्रेयश अय्यर (नाबाद 57 रन) रहे। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दसवां अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच जीता, जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक रन बनाने की उपलब्धि अपने नाम की।

लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए। भारत की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी की। इस बीच रोहित को लहिरू कुमारा ने 44 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद ईशान ने श्रेयश अय्यर के साथ मिलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 44 रन की साझेदारी हुई थी कि ईशान (89 रन) को दसुन शनाका ने अपना शिकार बना लिया। इसके बाद अय्यर और जडेजा भारत का स्कोर 199 रन तक पहुंचाया। अय्यर ने 28 गेंदों में ताबड़तोड़ 57 रन की पारी खेली।


भारत से मिले 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम की शुरुआत काफी खराब रही। पारी की पहली गेंद पर ही सलामी बल्लेबाज पथुम निशांका बिना खाता खोले भुवनेश्वर का शिकार बने। इसके बाद कपिल मिशारा को भी भुवनेश्वर ने 13 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। श्रीलंका के लिए चरिथ असलांका (नाबाद 53 रन) के अलावा चमिका करुणारत्ने (21 रन) और दुश्मांथा चमीरा (नाबाद 24 रन) ही थोड़ा संघर्ष दिखा सके। आखिर में मेहमान टीम निर्धारित 20 ओवर में सिर्फ 137 रन ही बना सकी।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बने रोहित
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ लखनऊ में खेले जा रहे पहले टी-20 मुकाबले में नया कीर्तिमान हासिल किया है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल को पीछे छोड़कर ये मुकाम हासिल किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली टी-20 सीरीज में बल्ले से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहने के बाद रोहित आज लय में नजर आए हैं।

रोहित ने कोहली और गुप्टिल को पीछे छोड़ा
सीरीज की शुरुआत से पहले रोहित तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने आज 37वां रन बनाते ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय में विराट कोहली (3,296) और मार्टिन गुप्टिल (3,299) को पीछे छोड़ दिया और शीर्ष पर पहुंच गए हैं। रोहित के अब 123 मैचों में 33.38 की औसत से 3,305 रन हो गए हैं। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,300 रनों का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

अर्धशतक से चूके रोहित
पारी की शुरुआत करने आए रोहित ने संभलकर बल्लेबाजी की और पॉवरप्ले में 14 गेंदों में सिर्फ 17 रन बनाए। हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने कुछ आक्रामक शॉट लगाए और भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। उम्दा बल्लेबाजी कर रहे रोहित अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 27वें अर्धशतक बनाने से चूक गए। उन्होंने 32 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए।

Share:

Next Post

सीबीडीटी ने करदाताओं को 1,82,995 करोड़ रुपये से ज्यादा का किया रिफंड

Fri Feb 25 , 2022
नई दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) (Central Board of Direct Taxes (CBDT)) ने 2.07 करोड़ से ज्यादा करदाताओं (Over 2.07 crore taxpayers) को 1,82,995 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड (Refunds of over Rs 1,82,995 crore) जारी किया है। आयकर विभाग के मुताबिक सीबीडीटी ने एक अप्रैल, 2021 से 21 फरवरी, 2022 तक 2.07 […]