img-fluid

सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में न्यूजीलैंड होगी टक्कर

March 05, 2026

  • सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में न्यूजीलैंड होगी टक्कर

नई दिल्ली: संजू सैमसन की तूफानी फिफ्टी के बाद जबरदस्त फील्डिंग से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बना ली है. फाइनल में अब भारतीय टीम का सामना न्यूजीलैंड के साथ होगा. आईसीसी टी20 विश्व कप में टीम इंडिया 2007 और 2024 के बाद तीसरी बार फाइनल में पहुंची है.

मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 253 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी धुआंधार अंदाज में बल्लेबाजी की, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गंवाने के कारण वह 20 ओवर में 246 रन बनाकर लक्ष्य से दूर गई. इस मैच में दोनों टीमों को मिलाकर कुल 499 रन बने.

भारत के खिलाफ रिकॉर्ड 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के जैकब बेथल ने जबरदस्त बल्लेबाजी की. बेथल ने अकेले दम पर इंग्लैंड को मैच में बनाए रखा. उन्होंने 48 गेंद में 105 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 7 छक्के और 8 चौके भी लगाए. इसके अलावा बल्लेबाजी में इंग्लैंड के लिए विल जैक्स ने भी 20 गेंद में 35 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं ओपनर बल्लेबाज जोस बटलर ने भी 25 रनों का योगदान दिया. टीम के इन फॉर्म बल्लेबाज हैरी ब्रूक सेमीफाइनल मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए.

टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी में संजू सैमसन एक बार फिर से कमाल किया. वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में भारत की जीत के हीरो सैमसन ने 15 रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से 89 रनों की पारी खेली. इसके अलावा ईशान किशन 39 रन बनाए. संजू और ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 97 रनों की पार्टनरशिप की. इसके अलावा टीम इंडिया के लिए शिवम दुबे ने भी 25 गेंद में 43 रनों की पारी खेली.

अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया. इस मैच में भारत की पारी में 19 छक्के लगे जो टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इंग्लैंड की ओर से स्पिनरों विल जैक्स (40 रन पर दो विकेट) और आदिल राशिद (41 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए. तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और सैम कुरेन ने क्रमश: 61 और 53 रन लुटाए. आर्चर को एक विकेट मिला जबकि कुरेन की झोली खाली रही.

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved