बड़ी खबर

भारत बंद : कलायत में चंडीगढ़-हिसार हाइवे पर किसानों ने लगाया बिस्तर

चंडीगढ़ । कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों की ओर से आज भारत बंद का आह्वान किया गया है। भारत बंद को सफल बनाने के लिए किसान सड़कों पर उतर आए हैं। राजनीतिक दलों के साथ किसानों ने बाजारों में दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की। मगर कैथल जिले के कलायत में किसानों ने चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिस्तर लगा लिया। किसानों ने दो टूक कहा कि किसान आंदोलन से दूरी बनाने वाले राजनेताओं की गांव में एंट्री बंद की जाएगी। इतना ही नहीं यदि जरूरत पड़ी तो वे हाइवे पर बीचो-बीच झोपड़ी बनाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इसके साथ ही कर्मचारी संगठनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि भारत बंद को विफल बनाने के लिए उनके नेताओं को नजर बंद किया गया है। महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने सिंघु बार्डर पर धरनारत मरने वाले किसान के परिवार को दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मंगलवार को हरियाणा में भारत बंद का पूरा असर दिखाई दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक तमाम बाजार व मार्केट बंद रहीं तो पेट्रोल पंप भी पूरी तरह बंद रहे। अनाज मंडियों में भी खरीद का कार्य पूर्ण रूप से ठप्प रहा। पंचकूला के पिंजौर में बंद पूरा असर रहा। दुकानदारों ने किसानों के समर्थन में अपनी दुकानें बंद रखीं। चरखी-दादरी व बाढड़ा के बाज़ार पूर्ण रूप से बंद रहे। हिसार में बंद का पूरा असर दिखाई दिया। किसानों का समर्थन करते हुए हिसार व सिरसा में पेट्रोल पंप मालिकों ने पंपों को बंद रखा और किसी वाहन में डीजल व पेट्रोल नहीं भरा। सीएम सिटी करनाल में भी बंद का पूरा असर रहा।

किसानों ने किया यह रोड जाम
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने फ़तेहाबाद के गांव भोडिया खेड़ा के पास रोड जाम कर विरोध जताया। हिसार में चंडीगढ़ हाइवे, सुरेवाला चौक, राजगढ़ हाइवे, बालसमंद रोड को किसानों ने बंद कर दिया। गुहला-चीका में किसानों ने शहीद उधम सिंह चौक पर धरना देकर प्रदर्शन किया। कुरुक्षेत्र में किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में मोटरसाइकिल रैली निकाली और बिरला मंदिर चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जींद के गांव धनाना में किसानों ने जींद मार्ग को बंद किया।

हिसार में सरसोद-बिचपड़ी एनएच-52 पर किसानों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया जिससे लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। हिसार में ही किसानों ने मय्यड़ टोल प्लाजा एनएच-9 पर दोनों तरफ जाम लगा दिया। सोनीपत में राई के पास दिल्ली-चंडीगढ़ हाइवे को किसानों ने बंद कर दिया।

कर्मचारी संगठनों ने यह लगाया आरोप
हरियाणा के कर्मचारी संगठनों ने आरोप लगाया कि भारत बंद को विफल बनाने के लिए पुलिस ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, फरीदाबाद जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर के घरों पर पुलिस ने की छापामारी। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व आल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के उप प्रधान सतपाल नरवत को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। रोडवेज कर्मचारियों ने किसानों के समर्थन में दादरी बस अड्डे को बंद कर दिया। पानीपत में हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन ने गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

Share:

Next Post

ट्रंप को बड़ा झटका - Tik Tok पर पाबंदी लगाने के फैसले पर लगी रोक

Tue Dec 8 , 2020
वाशिंगटन। अमेरिका में एक संघीय जज ने चाइनीज कंपनी बाइट डांस के वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिक टॉक पर पाबंदी लगाने के ट्रंप प्रशासन के फैसले पर रोक लगा दी है। अदालत के दस्तावेज में सोमवार को बताया गया, “टिक टॉक ऐप पर प्रतिबंध को प्रभावी होने से रोकने से लिए प्रारम्भिक निषेधज्ञा जारी किया जाता […]