
इंदौर। मुंबई में कल दोपहर तकनीकी कारणों से करीब 1 घंटे के लिए एयर स्पेस रिस्ट्रिक्शन रहा। इसके कारण कई उड़ानें निरस्त और लेट रहीं। इसका असर इंदौर से जुड़ी उड़ानों पर भी पड़ा। मुंबई से इंदौर आने वाली एक उड़ान को निरस्त करना पड़ा, वहीं एक अन्य उड़ान 2 घंटे से ज्यादा देरी से इंदौर पहुंची। इस फ्लाइट से भारत और न्यूजीलैंड के कुछ खिलाड़ी भी इंदौर आ रहे थे, जो अन्य यात्रियों के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर ही अटके रहे।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-2418) शाम 6.15 बजे मुंबई से इंदौर आकर 6.45 बजे वापस मुंबई जाती है, लेकिन कल मुंबई में एयर स्पेस रिस्ट्रिक्शन के कारण इंडिगो ने इस फ्लाइट को निरस्त कर दिया। विमान के न आने के कारण जाने वाली फ्लाइट भी रद्द की गई।
इसी कारण शाम 4.40 बजे मुंबई से इंदौर आकर 5.10 बजे वापस मुंबई जाने वाली फ्लाइट (6ई-270) करीब 2 घंटे देरी से मुंबई से रवाना होकर शाम 6.52 बजे इंदौर पहुंची। फ्लाइट्स के निरस्त और लेट होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निरस्त फ्लाइट के यात्रियों को इंडिगो ने रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प देने के साथ ही अन्य उड़ानों में एडजस्ट भी किया।
नागपुर टी-20 के लिए इंदौर आ रहे थे खिलाड़ी
मुंबई से इंदौर आ रहे हर्षवर्धन बर्वे ने बताया कि शाम 4.40 बजे इंदौर आने वाली फ्लाइट के एक घंटे लेट होने की सूचना सुबह ही मैसेज पर मिली थी। जब हम एयरपोर्ट पहुंचे, तब बताया गया कि यह फ्लाइट एक नहीं दो घंटे से ज्यादा लेट है। इस फ्लाइट से न्यूजीलैंड क्रिकेट खिलाड़ी रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी जैकब डफी, मार्क चेपमैन, मिचेल सेटनर और मैट हेनरी भी इंदौर आ रहे थे। यह सभी खिलाड़ी पहले से इंदौर में मौजूद न्यूजीलैंड टीम के साथ इंदौर से नागपुर जाने के लिए इंदौर आ रहे थे, जो नागपुर में होने वाले टी-20 मैच में शामिल होंगे। फ्लाइट के लेट होने के कारण सभी खिलाड़ी एयरपोर्ट पर इंतजार करते नजर आए। यात्रियों ने उनके साथ सेल्फी ली और ऑटोग्राफ भी लिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved