वाशिंगटन। अमेरिका के यूटा (Utah) राज्य में भारतीय मूल के एक व्यक्ति पर कथित तौर पर धार्मिक पहचान के आधार पर हुए जानलेवा हमले (Life-threatening attacks) ने लोगों को झकझोर दिया है। हैदराबाद निवासी सैयद सोहैलुद्दीन (Syed Sohailuddin) पर एक शख्स ने चाकू से कई बार हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी कई सर्जरी हो चुकी हैं। इस बीच उनके इलाज और परिवार की सहायता के लिए दुनिया भर के लोगों ने ऑनलाइन अभियान के जरिए 2,35,000 अमेरिकी डॉलर (करीब ₹2 करोड़) से अधिक की राशि जुटा ली है।
जानकारी के अनुसार, घटना 13 जुलाई को यूटा के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में हुई। पुलिस के मुताबिक 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन ने पहले सैयद सोहैलुद्दीन से उनका नाम और मूल देश पूछा। भारत से होने की जानकारी मिलने के बाद उसने उनसे धर्म के बारे में सवाल किया। पीड़ित के मुस्लिम होने की पुष्टि करते ही आरोपी ने उन पर लगातार चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में सोहैलुद्दीन को करीब 15 बार चाकू मारा गया।
घटना के तुरंत बाद मॉल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोहैलुद्दीन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी कई सर्जरी की गई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह मुसलमानों को निशाना बनाना चाहता था। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे धार्मिक घृणा से प्रेरित हमला माना है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
इस घटना पर सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी चिंता और दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि वह पीड़ित के परिवार और उनके परिचितों के लगातार संपर्क में है तथा आवश्यक राजनयिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved