न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर (New York City, USA) में घोड़ों से खींची जाने वाली ऐतिहासिक गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में प्रस्तावित कानून का नाम 18 वर्षीय भारतीय पर्यटक रोमांच महाजन के नाम पर ‘रोमांच लॉ’ (New York City, USA) रखा गया है। जून में सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ी से जुड़ी दुर्घटना में रोमांच की मौत हो गई थी। हादसे के दौरान वह अपनी मां को बचाने की कोशिश कर रहा था। इस घटना के बाद शहर में घोड़ागाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग तेज हो गई थी।
मेयर ममदानी ने किया घोड़ागाड़ी उद्योग खत्म करने का ऐलान
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शहर में घोड़ागाड़ी उद्योग का अंत होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि इस उद्योग से जुड़े कर्मचारियों और मालिकों के हितों की रक्षा हो तथा घोड़ों की सुरक्षा भी बनी रहे।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ममदानी और न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल की अध्यक्ष जूली मेनिन सेंट्रल पार्क में घोड़ों से खींची जाने वाली गाड़ियों पर रोक लगाने संबंधी कानून के प्रस्ताव पर सहमत हो गए हैं। इस विधेयक के तहत जून 2028 तक घोड़ागाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का प्रस्ताव है।
जून में सेंट्रल पार्क में हुए हादसे में भारतीय पर्यटक रोमांच महाजन घायल हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई। बताया गया कि घोड़े के अचानक बिदकने से उनकी मां गाड़ी से गिर गई थीं। मां को बचाने की कोशिश में रोमांच ने भी गाड़ी से छलांग लगा दी। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उनकी जान चली गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद घोड़ागाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर उनके संचालन को लेकर सवाल उठने लगे। रोमांच की याद में प्रस्तावित विधेयक का नाम बदलकर ‘रोमांच लॉ’ रखा गया है।
नगर परिषद में अगले सप्ताह मतदान की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल में अगले सप्ताह इस विधेयक पर मतदान होने की उम्मीद है। परिषद की अध्यक्ष जूली मेनिन ने भरोसा जताया है कि 51 सदस्यीय परिषद में प्रस्ताव को इतना समर्थन मिल सकता है कि मेयर के वीटो की स्थिति में भी इसे पारित कराया जा सके।
मेनिन ने कहा कि घोड़ागाड़ियां लंबे समय से न्यूयॉर्क के इतिहास और पहचान का हिस्सा रही हैं। हालांकि, सेंट्रल पार्क में बढ़ती भीड़ के बीच इनके संचालन से सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हुई हैं। प्रस्तावित कानून में इस उद्योग पर आजीविका के लिए निर्भर कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के प्रावधान भी शामिल किए जाएंगे।
सेंट्रल पार्क कंजरवेंसी ने भी उठाई थी प्रतिबंध की मांग
रोमांच महाजन की मौत के बाद सेंट्रल पार्क की देखरेख करने वाली संस्था ‘सेंट्रल पार्क कंजरवेंसी’ ने भी पार्क में घोड़ागाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की अपनी मांग दोहराई। संस्था शहर की ओर से इस प्रतिष्ठित सार्वजनिक स्थल की रोजमर्रा की देखभाल करती है।
संस्था ने कहा कि यह वही दुखद घटना है, जिसकी आशंका के चलते उसने पिछले साल ही सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उसके अनुसार, इन गाड़ियों के संचालन से सार्वजनिक सुरक्षा और स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो सकता है।
रोमांच महाजन के नाम पर प्रस्तावित यह कानून न्यूयॉर्क की ऐतिहासिक घोड़ागाड़ी व्यवस्था में बड़े बदलाव का रास्ता खोल सकता है। यदि विधेयक पारित होता है, तो जून 2028 तक इस उद्योग को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की योजना पर आगे बढ़ा जा सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved