
नीस । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी प्राथमिकता (India’s top Priority) ऐसी टेक्नोलॉजी है जो मानवता की सेवा करे (Is Technology that serves Humanity) । भारत बीते एक दशक में टेक्नोलॉजी अपनाने वाले देश से एक टेक प्रोवाइडर के रूप में उभरा है और देश से निकलने वाले समाधान और इनोवेशन में मानवता के एक बड़े हिस्से को लाभ पहुंचाने की क्षमता है।
फ्रांस के नीस शहर में हो रही ‘भारत इनोवेट्स समिट’ के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा,”एक दशक पहले, दुनिया भारत को मुख्य रूप से टेक्नोलॉजी अपनाने वाले देश के तौर पर देखती थी, लेकिन आज भारत तेजी से टेक्नोलॉजी देने वाले देश के रूप में उभर रहा है। भारत से निकले इनोवेशन और समाधानों में मानवता के एक बड़े हिस्से को फायदा पहुंचाने की क्षमता है। ‘भारत इनोवेट्स’ इसी सोच को आगे बढ़ाता है और यह दुनिया के लिए एक निमंत्रण है कि वे भारत के साथ मिलकर काम करें और ग्लोबल इनोवेशन के अगले अध्याय को साथ मिलकर तैयार करें।”
उन्होंने आगे कहा कि इनोवेशन भारत के डीएनए में समाहित है। हजारों सालों से भारत ने अपनी खोजों और ज्ञान से दुनिया का मार्गदर्शन किया है। गणित से लेकर खगोल विज्ञान तक, और चिकित्सा से लेकर योग तक, भारत का योगदान पूरी मानवता के लिए आधारभूत रहा है। आज हम इसी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और इसे नई दिशा व गति दे रहे हैं।
मानवता को भारत की प्राथमिकता बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत की सबसे बड़ी प्राथमिकता ऐसी टेक्नोलॉजी है जो मानवता की सेवा करे। इसी सिद्धांत ने हमारे डिजिटल क्रांति को आगे बढ़ाया है और यही भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का आधार है। आगे कहा कि हमारा विजन “एआई फॉर ऑल” (सभी के लिए एआई) के सिद्धांत पर आधारित है, जो हर व्यक्ति की भलाई और खुशी के लिए समर्पित है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved