
नई दिल्ली। सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई वाली टीम इंडिया (Team India) ने सुपर-4 के अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को पटखनी दी। सुपर ओवर तक पहुंचे इस मुकाबले को भारत ने जीतकर अपना विजय क्रम जारी रखा। श्रीलंका पर इस जीत ने भारत को पाकिस्तान के वर्ल्ड रिकॉर्ड (Pakistan’s world records) के बेहद नजदीक पहुंचा दिया है। यह रिकॉर्ड है T20I में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने का। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को इस फॉर्मेट में सर्वाधिक 24 बार हराया है। वहीं अब श्रीलंका को 23 बार हराकर भारत संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। भारत के साथ न्यूजीलैंड की टीम भी दूसरे नंबर पर है, जिन्होंने पाकिस्तान को इतनी ही बार पटखनी दी है।
T20I मैचों में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत-
24 – पाकिस्तान बनाम न्यूज़ीलैंड (49 मैच)
23 – भारत बनाम श्रीलंका (33 मैच)*
23 – न्यूज़ीलैंड बनाम पाकिस्तान (49 मैच)
21 – इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान (31 मैच)
(सुपर ओवर जीत सहित)
कैसा रहा IND vs SL मैच
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया को हर बार की तरह अभिषेक शर्मा ने इस बार भी तूफानी शुरुआत दी। अभिषेक ने 31 गेंदों पर 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके आउट होने के बाद रन बनाने का जिम्मा तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने उठाया। सैमसन 39 रन बनाकर आउट हुए, वहीं तिलक वर्मा 49 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। टीम इंडिया 20 ओवर में 202 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही।
इस स्कोर का पीछा करते हुए श्रीलंका के लिए पथुम निसांका (107) ने शतक जड़ा, वहीं कुसल मेंडिस ने 58 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 127 रनों की पार्टनरशिप हुई। उस समय ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका इस मैच को जीत लेगा, मगर फिर भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और श्रीलंका 202 के स्कोर पर ही रोक लिया। मैच टाई होने के बाद श्रीलंका ने सुपर ओवर में भारत को 3 रनों का टारगेट दिया, जिसे कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved