
इंदौर। इंदौर से पिछले कुछ दिनों से लगातार कई उड़ानें निरस्त हो रही हैं। कल भी एलायंस एयर ने दिल्ली की एक उड़ान, इंडिगो ने मुंबई की एक उड़ान और एयर इंडिया ने दिल्ली-मुंबई उड़ान को निरस्त कर दिया। वहीं खराब मौसम के चलते कई अन्य उड़ानें तय समय से घंटों देरी से आईं व गईं। इसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की उड़ान शाम 4.05 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 4.40 बजे मुंबई जाती है। कंपनी ने इन्हें निरस्त कर दिया। इसी तरह इंडिगो की उड़ान 7.15 बजे मुंबई से इंदौर आकर 7.45 बजे वापस मुंबई जाती है और एलायंस एयर की उड़ान शाम 7.40 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 8.05 बजे वापस दिल्ली जाती है। दोनों ही कंपनियों ने इन उड़ानों को भी निरस्त कर दिया। निरस्त किए जाने के लिए ऑपरेशनल कारणों की बात कही गई। उड़ानों के निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। अधिकारियों ने उन्हें शांत करते हुए रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया। वहीं कई उड़ानें दिल्ली सहित कई शहरों में खराब मौसम के कारण दो से तीन घंटे तक देरी से आईं व गईं। इससे भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved