
बैंड-बाजों, घोड़ों, बग्घियों और जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु बने शोभायात्रा का हिस्सा, केसरी वाटिका पहुंचकर होगा चातुर्मास
इंदौर। चातुर्मास (Chaturmas) के पावन अवसर पर आज सुबह राजबाड़ा (Rajwada) क्षेत्र आस्था और भक्ति के रंग में रंग गया। आचार्य विजय नित्यसेन सूरीश्वर महाराज (Acharya Nityasen Surishwar Maharaj) का 26 वर्षों बाद इंदौर (Indore) में होने वाले चातुर्मास के लिए भव्य मंगल प्रवेश जुलूस निकाला गया। घोड़े, ऊंट, प्रतीकात्मक गजराज और 16 महिला मंडलों के सिर पर कलश और भजनों की धुन पर भक्ति रस में युवा और बुजुर्ग नाचते-गाते चल रहे थे। राजबाड़ा से शुरू हुई शोभायात्रा में संत-साध्वियों के साथ बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आचार्यश्री का स्वागत किया।
जुलूस में बैंड-बाजे, घोड़े, बग्घियां, धार्मिक झांकियां और पारंपरिक वेशभूषा में महिला मंडल, युवक-युवतियां तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य जुलूस में शामिल थे। बच्चों के हाथ में जहां धर्म ध्वजा लहरा रही थी, वहीं बुजुर्गों के हाथ में मंजीरे नजर आ रहे थे। महावीर स्वामी की जय और आचार्यश्री के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए। मंगल प्रवेश यात्रा राजबाड़ा से विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए केसरी वाटिका पहुंचेगी, जहां आचार्यश्री चातुर्मास प्रवास करेंगे। उनके साथ लगभग 20 संत-साध्वियां भी मंगल प्रवेश कर रहे हैं।
जीवन चरित्र का बखान करतीं झांकियां
महाराज राजेंद्र सूरीश्वर के जीवन चरित्र का बखान करती हुई दो झांकियां मंगल प्रवेश यात्रा में शामिल की गर्इं। महिला मंडल की विशेष वेशभूषा व विभिन्न रंगों के परिधानों में महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। दूसरी झांकी में द्विशताब्दी के आधार पर सजाया गया। महावीर बाग में स्वामी वात्सल्य के साथ तप, त्याग और संयम का संगम होगा।
400 महिलाएं संभालेंगी बागडोर
चातुर्मास समिति के मीडिया प्रभारी राजेश जैन युवा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे आयोजन की जिम्मेदारी गुमास्ता नगर व कुंवर मंडली को दी गई है, वहीं 400 महिलाओं द्वारा पूरे आयोजन की बागडोर संभाली जा रही है, जिसमें महिला परिषद, पूर्वी क्षेत्र, गुमास्ता नगर, कुंवर मंडली और बहू परिषद शाखा मुख्य रहेंगे। चातुर्मास समिति के अध्यक्ष नीरज सुराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 300 संघ चातुर्मास के लिए पधार रहे हैं। पूर्व मंत्री पारस जैन उज्जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अध्यक्ष धनराज संघवी, महामंत्री महेंद्र बागवाला, रवि मोदी, पंकज पारेख, परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश छाजेड़, सुधीर सेठिया, राजकुमार सुराणा सहित आयोजन में देशभर से आए सैकड़ों श्रद्धालु और समाजजन शामिल हुए, जबकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved