
इंदौर। खजराना (Khajrana) फ्लायओवर (flyover) की एक भुजा (side) से तो यातायात (traffic ) चल ही रहा है, वहीं दूसरी भुजा का बचा हुआ काम भी अगले 10 दिनों में पूरा हो जाएगा। अभी डामर (Asphalt) की परत बिछाई जा रही है और 20 दिसम्बर के बाद इस पर से भी यातायात शुरू कर दिया जाएगा, जिसके चलते रोबोट चौराहा से बंगाली जाने वाला यातायात फ्लायओवर से गुजरने लगेगा। दूसरी तरफ नेशनल हाईवे द्वारा धीमी गति से बनवाए गए राऊ फ्लायओवर का निर्माण भी पूरा हो गया है। अभी हफ्तेभर तक सफल लोड टेस्टिंग भी की गई और संभवत: इसी माह से इस पर से भी यातायात दौडऩे लगेगा। प्राधिकरण द्वारा चार प्रमुख चौराहों पर फ्लायओवरों का निर्माण करवाया है।
इसमें से दो फ्लायओवर भंवरकुआ और फूटी कोठी तो चालू कर दिए, वहीं लवकुश और खजराना की एक-एक भुजा से ही यातायात चल रहा है और इसी माह शेष दोनों भुजाएं भी चालू हो जाएगी। अभी लवकुश चौराहा पर ही एक भुजा चालू होने से यातायात में काफी फर्क पड़ गया है, तो यही स्थिति खजराना चौराहा की भी है। अब बंगाली से रोबोट के बीच चलने वाला यातायात सीधे एक भुजा से आसान हो गया है। वहीं अब अगले 10 दिनों में दूसरी भुजा का भी काम प्राधिकरण पूरा कर लेगा। वहीं प्राधिकरण द्वारा एबी रोड के प्रमुख चौराहों पर निर्मित होने वाले फ्लायओवरों के लिए भी फिजिबिलिटी सर्वे करवाया जा रहा है, तो पिछली बोर्ड बैठक में केबल कार के दो रुटों के लिए भी सर्वे कराने का निर्णय लिया। वहीं नेशनल हाईवे द्वारा भी बायपास पर चार फ्लायओवरों का निर्माण इन दिनों करवाया जा रहा है। वहीं राऊ जंक्शन पर बन रहा फ्लायओवर अवश्य धीमी गति से निर्मित किया गया और अभी हफ्तेभर से इसकी सफल लोड टेस्टिंग भी की गई है। लाइट की व्यवस्था भी हो गई और डामरीकरण का काम भी कल से शुरू हो गया है। नेशनल हाईवे का कहना है कि इसी माह के अंत तक इस फ्लायओवर से भी यातायात गुजरने लगेगा। अभी राऊ चौराहे पर भी इस फ्लायओवर के निर्माण के चलते जाम की स्थिति रहती है, जो कुछ समय बाद फ्लायओवर चालू होने पर खत्म हो जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved