
हर साल मकर संक्रांति पर होते हैं हादसे, प्रतिबंध के बावजूद भी शहर में बिकती है चायना डोर
इंदौर। आज सुबह एक बाइक सवार का पतंगबाजी मेें उपयोग की जाने वाली प्रतिबंधित चायना डोर से गला कट गया। बाइक सवार बाइक लेकर गुजर रहा था, तभी डोर उसके गले और हाथ में आकर अटक गई। गनीमत रही कि उसने गाड़ी रोक दी, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।

मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार इमरान खान निवासी ग्रीन पार्क आज सुबह बाइक पर सवार होकर चंदन नगर से लाबरिया भेरू जा रहा था। तभी कटी पतंग की चाइन डोर पहले उसके गले में लपटा गई तो उसने अपना हाथ आगे किया, लेकिन हाथ और गला दोनों कट गए। इमरान की बाइक धीमी थी, जिसके चलते दोनों जगह मामूली चोटें आईं। हालांकि जिस चाइना डोर से इमरान को चोटें आई हैं, उसे प्रशासन पहले ही प्रतिबंधित कर चुका है, लेकिन फिर भी दोगुने दामों पर यह डोर धड़ल्ले से बाजार में बिक रही है।

सालभर पहले कटा था गला, महिला बोली- लगता है डर
एक महिला भी बीते साल संक्रांति के दिन पतंग की कटी डोर में उलझ गई थी। महिला आज भी वह हादसा नहीं भूल पाई है। यह महिला पुलिसकर्मी थी। माया डाबी नामक महिला पुलिसकर्मी बीते साल घर से ड्यूटी के लिए स्कूटी पर सवार होकर एसपी दफ्तर निकली थी। माया उस समय हेलमेट भी पहने हुई थी। कटी पतंग का धागा उसके हेलमेट के कांच से टकराया तो माया ने धागे को हटाने की कोशिश की। धागा कांच से हटकर गले में आ गया और गर्दन में हलका सा कट लग गया। लेकिन धागे से माया का हाथ कट गया था, जिसमें टांके लगे। माया बताती है कि यह हादसा उसके जेहन में बार-बार आता है। जब भी स्कूटी से निकलती है तो डर लगा रहता है कि कहीं दोबारा इस चाइनीज धागे से उसका सामना न हो जाए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved