
परदेशीपुरा से पाटनीपुरा तक निकलेगी पदयात्रा
इंदौर। एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस (Congress) और विपक्षी इंडी गठबंधन (Opposition INDIA alliance) को घेरने के लिए भाजपा (BJP) ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के तहत 30 अक्टूबर को इंदौर में पदयात्रा निकालेगी। परदेशीपुरा से शुरू होकर यह पदयात्रा पाटनीपुरा चौराहे तक पहुंचेगी। इसकी अगुवाई कौन करेगा, इसका फैसला केंद्रीय और प्रदेश संगठन करेंगे। फिलहाल नगर भाजपा ने आयोजन को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
देशभर में भाजपा दिल्ली में पिछले दिनों हुए प्रदर्शन को लेकर 15 दिन के कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसमें समाज के बुद्धिजीवी वर्ग तक पहुंचने का लक्ष्य भी रखा गया है, वहीं आम लोगों को संदेश देने के लिए लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ यात्रा का आयोजन शहर और ग्रामीण की भाजपा इकाई करने जा रही है। हालांकि इस यात्रा में शहर के बुद्धिजीवी और प्रोफेशनल्स के साथ-साथ सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों पर फोकस किया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि अधिक से अधिक संख्या में इस वर्ग के लोग यात्रा में अपने बैनर लेकर शमिल हो, वहीं प्रत्येक विधानसभा को भी 2 हजार कार्यकर्ता लाने का टारगेट दिया गया है। कल भाजपा नेताओं ने आपस में चर्चा की और यात्रा को 30 या 31 अक्टूबर को निकालने का निर्णय हुआ, जिसमें से 30 अक्टूबर तक लगभग सहमति बन गई है। इस दिन शुक्रवार होने के कारण बाजार में भीड़ भी ज्यादा नहीं मिलेगी और जिस उद्देश्य से भाजपा यह यात्रा निकालने जा रही है, वह भी सफल हो जाएगा। यात्रा का रूट फिलहाल तय नहीं हुआ है। रूट को लेकर अभी चर्चा चल रही है और कोशिश की जा रही है कि त्योहार को देखते हुए आम लोग यात्रा के कारण परेशान न हों।
बैठकों से तैयारियों को धार
नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा अलग-अलग विधानसभाओं में बैठकें लेकर पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं की भागीदारी से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। पदयात्रा की कमान विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, आकाश विजयवर्गीय, स्वप्निल कोठारी और अक्षय बम को सौंपी गई है। राष्ट्रीय स्तर के नेता की अगुवाई और हजारों लोगों की भागीदारी के जरिए भाजपा 30 अक्टूबर को अपने अभियान को सड़क पर प्रभावी ढंग से सामने लाने की तैयारी कर रही है।
दीपावली की तैयारियों को देखते हुए दो दिन पहले यात्रा
पहले यह यात्रा 1 नवम्बर को प्रस्तावित थी, लेकिन दीपावली की तैयारियों को देखते हुए अब इसे दो दिन पहले 30 अक्टूबर को निकाला जाएगा। इस यात्रा का प्रदेश प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय को बनाया गया है। उन्हीं के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में यात्राएं निकलेंगी। इंदौर की यात्रा को लेकर पहले 1 नवम्बर की तारीख बैठक में तय की गई थी, लेकिन बाद में कार्यकर्ताओं ने बताया कि दिवाली के पहले रविवार 1 नवम्बर को आ रहा है और हर व्यक्ति त्योहार की तैयारी में व्यस्त रहेगा, इसलिए कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने में परेशानी हो सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved