
वैचारिक अनुष्ठान से लेकर बूथ प्रबंधन तक की जानकारी देंगे वक्ता
इन्दौर। शहर (Indore) में आज आयोजित होने वाली भाजपा (BJP) की प्रदेश स्तरीय (State level) क्षेत्रीय वक्ता कार्यशाला (Workshop) को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर तथा मध्य पश्चिम क्षेत्र प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी केसी पटेल कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन की कार्यशैली, विचारधारा तथा प्रभावी जनसंवाद के सूत्र साझा करेंगे। कार्यशाला के द्वितीय सत्र में आठ कक्षों में समानांतर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञ वक्ता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। स्व. राजेंद्र धारकर कक्ष में वैचारिक अधिष्ठान पर चर्चा होगी, जबकि स्व. नारायणराव धर्म कक्ष में पार्टी की कार्यपद्धति और संगठनात्मक ढांचे को लेकर वक्ता अपने विचार रखेंगे। इसी क्रम में स्व. निर्भयसिंह पटेल कक्ष में भाजपा का इतिहास और विकास विषय पर चर्चा होगी, जबकि स्व. श्री वल्लभ शर्मा कक्ष में केंद्र सरकार की योजनाओं को विस्तार से समझाया जाएगा। स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ कक्ष में संगठन विस्तार की रणनीति पर विचार रखे जाएंगे और स्व. प्रकाश सोनकर कक्ष में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। स्व. गोविंद मालू कक्ष में बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की प्रभावशीलता पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं स्व. उमेश शर्मा कक्ष में सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग को लेकर कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी दी जाएगी, जिससे वे डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग कर सकें। कार्यक्रम के समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी महेंद्रसिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी करेंगे।
अतिथियों का करें आत्मीय स्वागत-मंत्री विजयवर्गीय
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर की पूरे देश में विशेष प्रतिष्ठा है। यह शहर अतिथि सत्कार के लिए भी देशभर में प्रसिद्ध है। प्रशिक्षण वर्ग भाजपा की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। इंदौर के संस्कारों के अनुरूप प्रशिक्षण वर्ग में आने वाले सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत और सत्कार किया जाए।
प्लास्टिकमुक्त रहेगा आयोजन
भाजपा ने इस आयोजन को पूरी तरह प्लास्टिकमुक्त रखने का निर्णय लिया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यह पहल कार्यकर्ताओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दिवंगत नेताओं के नाम पर बने प्रशिक्षण कक्ष
प्रशिक्षण के लिए बनाए गए आठों कक्षों का नामकरण भाजपा के दिवंगत नेताओं के नाम पर किया गया है, ताकि कार्यकर्ता उनके योगदान को याद करते हुए प्रेरणा ले सकें। इन कक्षों के नाम स्व. राजेंद्र धारकर, स्व. नारायणराव धर्म, स्व. निर्भयसिंह पटेल, स्व. वल्लभ शर्मा, स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़, स्व. प्रकाश सोनकर, स्व. गोविंद मालू और स्व. उमेश शर्मा के नाम पर रखे गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved