
इंदौर। इंदौर की गंगा धाम कॉलोनी में 23 जनवरी 2026 को हुई महिला की नृशंस हत्या की गुत्थी को बाणगंगा पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या चोरी के उद्देश्य से की गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। मृतिका गायत्री पति सुनील धीमान जो टीसीएस कंपनी में हाउसकीपिंग का कार्य करती थीं उसका शव उनके घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतिका के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। जिसके बाद थाना बाणगंगा पुलिस ने मामले की गहन जांच की, जांच के दौरान 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका के पड़ोस में किराए से रहने वाले अमित मौर्य और सुमित मौर्य ने तीसरे आरोपी अमित गाडेकर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। 28 जनवरी की रात सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, जहां फरार होने की कोशिश में आरोपियों का ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे कई दिनों से मृतिका की दिनचर्या पर नजर रखे हुए थे। चोरी के इरादे से घर में घुसकर उन्होंने महिला के हाथ-पैर बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा और दम घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए घटना में शामिल तीसरा आरोपी अमित पिता शिवाजी राव गाडेकर, निवासी वीणा नगर, फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved