
इन्दौर। गर्भाशय कैंसर से आजीवन बचाव करने वाली एचपीवी वैक्सीन के खिलाफ फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर गलत अफवाह फैलाने वाला मामला अब इंदौर साइबर सेल पुलिस प्रशासन तक जा पहुंचा है। मनगढ़ंत दुष्प्रचार करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ हेल्थ विभाग ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इंदौर हेल्थ विभाग के जिला प्रमुख डाक्टर माधव हसानी ने बताया कि 28 फरवरी से शहर सहित इंदौर जिले में 14 साल की किशोरियों को मुफ्त में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है, मगर कुछ कतिपय तत्व असामाजिक तत्व सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फर्जी वीडियो बनाकर अफवाह फैलाकर न सिर्फ डरा रहे हैं, बल्कि गर्भाशय कैंसर से सुरक्षित रखने वाली एचपीवी वैक्सीन लगवाने से मना कर रहे हैं। हेल्थ विभाग ने इस मामले में साइबर सेल पुलिस अधीक्षक को लिखित में शिकायत कर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीएमएचओ के अनुसार उन्होंने पुलिस अधीक्षक को अनर्गल पोस्ट और फर्जी वीडियो से अफवाह फैलाने वालो के ट्विटर, इंस्टाग्राम पर मौजूद एकाउंट एड्रेस सहित जानकारी दी है। सीएमएचओ ने बताया कि अफवाह फैलाने वालों में ट्विटर पर मौजूद इंडिया अगेंस्ट एचपीवी वैक्सीन अकाउंट सबसे आगे है। हेल्थ विभाग ने पुलिस को शिकायत करने के साथ ही जिला प्रशासन और मिशन संचालक भोपाल को भी जानकारी दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved