
इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में AIMIM से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पूर्व कार्यकर्ता को फोन पर भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मूसाखेड़ी निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मोहम्मद आमिर की शिकायत पर की गई है। आरोपी ओवेश रहमानी, AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली का निजी सहायक और मीडिया सलाहकार है।शिकायतकर्ता आमिर ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2018 से सितंबर 2026 तक AIMIM पार्टी के लिए काम कर चुका है, लेकिन कुछ समय पहले उसने इस्तीफा दे दिया था।
17 अक्टूबर की रात को वह रिंग रोड स्थित एक चाय की दुकान पर अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी ओवेश रहमानी का फोन आया। फोन पर आरोपी ने उस पर प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिखने का आरोप लगाया और धमकाते हुए कहा कि तुम पार्टी की अंदरूनी बातें क्यों लिखते हो?जब आमिर ने जवाब दिया कि वह जो भी लिखता है, ठोस सबूतों के साथ लिखता है, तो आरोपी भड़क गया। उसने फोन पर ही गालियां दीं और जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना के बाद डरे हुए पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर आजाद नगर थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved